नैनीताल: वीकेंड पर बढ़े पर्यटक, धड़ाम हुई ट्रैफिक व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

नैनीताल, अमृत विचार। पर्यटन सीजन की शुरूआत हो चुकी है। नैनीताल समेत अन्य पर्यटक स्थलों में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पर असर पड़ने लगा है। जगह-जगह वाहनों की लंबी कतार लग रही है। जिससे पर्यटकों को तो परेशानी हो रही है।

साथ ही व्यवस्था बनाने में पुलिस कर्मियों के भी पसीने छूट रहे हैं। मैदानी क्षेत्र में गर्मी बढ़ने के बाद नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। होली के बाद से लगातार पर्यटकों का रूख नैनीताल की ओर है। जिसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।

शहर में ट्रैफिक बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है। शनिवार की दोपहर ट्रैफिक बढ़ने से मालरोड व मल्लीताल क्षेत्र में वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। हालांकि पुलिस यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट रही। लेकिन जाम लंबा होने के कारण पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सीओ सुमित पांडे ने बताया कि होली के बाद से पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भीड़ और बढ़ने की संभावना है। जिसके लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।

पर्यटकों की भीड़ से कारोबारी खुश
मैदानी क्षेत्र में पढ़ रही गर्मी से बचने के लिए देशभर से पर्यटक सरोवर नगरी नैनीताल समेत आसपास के पर्यटक स्थलों का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से सरोवर नगरी गुलजार हो उठी है। जिससे पर्यटन कारोबारी खुश नजर आ रहे हैं। पर्यटकों की आमद से नैनीताल में खासी रौनक है।

स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, किलबरी, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, वॉटर फॉल, बोटनिकल गार्डन व हनुमान गढ़ी समेत नगर के सभी पर्यटन स्थल में दिनभर सैलानियों की आवाजाही रही। सैलानियों ने नैनी झील में जमकर नौकायन का लुत्फ उठाया। हालांकि भीड़ बढ़ने के कारण पर्यटकों को कार पार्किंग की दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं शहर की मालरोड में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

संबंधित समाचार