बरेली: नौकरी दिलाने के बहाने 51 हजार रुपये की ठगी, चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। शाहजहांपुर के युवक ने बीसलपुर रोड स्थित मान्यवर कंसलटेंसी के मालिक पर नौकरी दिलाने के बहाने 51 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। बारादरी थाना पुलिस ने कंसलटेंसी के मालिक समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना तिलहर के गांव मुड़िया कमलापुर निवासी विवेक ने बताया कि एक साल पहले उनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं थी। इस पर वह बरेली में नौकरी करने के लिए आए। तुलाशेर थाना इज्जतनगर निवासी संतोष के कहने पर वह बीसलपुर रोड स्थित मान्यवर कंसलटेंसी के मालिक अजय प्रधान से मिले।
अजय ने पैसा बाजार डॉट काम में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और कहा कि 22 हजार 500 रुपये मानदेय मिलेगा। बतौर सिक्योरिटी के रूप में 31 हजार रुपये जमा कराए। दो माह तक नौकरी न मिलने पर उन्होंने अजय से पैसे वापस मांगे तो कहा कि दस हजार रुपये और जमा करने होंगे।
अजय के सहायक के कहने पर उन्होंने दस हजार रुपये और दे दिए। शुभम भारती, शिवम उर्फ शिवा और शंख प्रताप के कहने पर उन्होंने दस हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद भी नौकरी नहीं लगी। बारादरी पुलिस ने अजय, शिवम उर्फ शिवा, शंख प्रताप और शुभम भारती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें- बरेली: गर्मी बढ़ते ही AC और कूलरों की बढ़ी मांग, सेंसर सिस्टम वाले कन्वर्टेबल एसी ग्राहकों की पहली पसंद
