Banda: लग्जरी कार से उड़न दस्ता टीम ने बरामद किए 28 लाख रुपये...लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल किए जाने की आशंका
बांदा में लग्जरी कार से उड़न दस्ता टीम ने बरामद किए 28 लाख रुपये
बांदा, अमृत विचार। निर्वाचन की उड़न दस्ता टीम ने एक टाटा सफारी गाड़ी से 28 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने जांच की। साक्ष्य न मिलने पर रकम को कोषागार के डबल लॉक में रखवा दिया गया है। संदेह है कि यह रकम चुनाव में खर्च करने के लिए आ रही थी।
नरैनी विधान सभा के उडन दस्ता-सात के कार्यकारी मजिस्ट्रेट प्रहलाद सिंह नरैनी के बिसंडा दतौरा मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। बिसंडा की ओर से आ रही टाटा सफारी गाडी को रोककर चेक किया तो उसमें 28 लाख रुपये की नकदी मिली। कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने इसकी जानकारी इनकम टैक्स अधिकारियों को दी।
मौके पर पहुंचे इनकम टैक्स अधिकारी रजनीश द्विवेदी व इनकम टैक्स इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र ने जांच की लेकिन अतर्रा निवासी पैसों के दावेदार बृजेश कुमार द्विवेदी उन्हें संतुष्ट नहीं कर सके। न ही पैसे के संबंध में कोई साक्ष्य दिए। लिहाजा इनकम टैक्स अधिकारियों की हरी झंडी के बाद इस नकदी को कोषागार के डबल लाक में रखवा दिया गया।
इस मौके पर एसआई वीरेंद्र कुमार, कांस्टेबल नितिन, मुकेश, नेहा जायसवाल आदि मौजूद रहे। उधर, कोषाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पैसे की जांच की जा रही है। दावेदार साक्ष्य उपलब्ध कराता है तो पैसा रिलीज भी हो सकता है। एडीएम राजेश कुमार का कहना है कि संदेह है कि यह रकम लोक सभा चुनाव में खर्च करने के लिए आ रही थी।
ये भी पढ़ें- Banda: महिला जज को रजिस्टर्ड डाक से मिली जान से मारने की धमकी...पुलिस को पत्र देकर जान का बताया खतरा
