Kanpur: युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर किया मरणासन्न...चार दिन तक टरकाती रही पुलिस, उच्चाधिकारियों की शिकायत पर रिपोर्ट
कानपुर में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर किया मरणासन्न
कानपुर, अमृत विचार। ग्वालटोली के कटरी में होली के दूसरे दिन दबंगों ने युवक को मरणासन्न कर रुपये लूट लिए। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। घायक की मां आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये थाने के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद ग्वालटोली पुलिस की नींद टूटी और आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास और डकैती समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज तो किया, लेकिन उसमें भी खेल कर दिया। पुलिस ने समझौता कराने के लिए पीड़ित परिवार के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज कर दिया।
धारमखेड़ा गांव निवासी गुड्डी देवी ने बताया कि बीते 26 मार्च को बेटा विशाल चंद्रशेखर की दुकान से सामान लेने गया था। उनकी शिवा और बसीठ से पुरानी रंजिश चलती है। आरोप है कि शिवा और बसीठ दुकान में बैठ कर शराब पी रहे थे। इस दौरान उन्होंने अंकित, नीरज, प्रवेश, जितेन्द्र और संजय के साथ मिलकर विशाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। विशाल के सिर पर गंभीर चोट आई और पैर भी टूट गया।
गुड्डी ने मरणासन्न हालत में बेटे को उर्सला में भर्ती कराया, जहां से हैलट रेफर कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसने आरोपियों के खिलाफ ग्वालटोली थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की। जिस पर घटना के चार दिन बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ डकैती, बलवा, हत्या का प्रयास समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
इसके साथ ही पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से पीड़ित व उसके भाईयों के खिलाफ भी मारपीट बलवा और हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज की। ग्वालटोली थाना प्रभारी पवन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। विशाल के परिजन डकैती का झूठा आरोप लगा रहे थे।
ये भी पढ़ें- Kanpur Weather News: अल नीनो के असर से तपेगा अप्रैल, झुलसेगी मई...समय से पहले चलेगी हीट वेव
