Amrit vichar impact: मछरहिया पहुंच सीडीओ ने लगाई चौपाल, मतदान की दिलायी शपथ
अमृत विचार ने रोड नहीं तो वोट नहीं, प्रदर्शन शीर्षक से लगाई थी खबर
बेलसर/गोंडा, अमृत विचार। बेलसर ब्लाक के डिडिसिया कला गांव के मछरहिया के ग्रामीणों के मतदान बहिष्कार के ऐलान के बाद सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौलि गांव पहुंची और ग्रामीणों से बात की। सीडीओ ने गांव के स्कूल में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। सीडीओ ने कहा कि जल्द ही गांव में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सीडीओ ने सभी ग्रामीणों को शत प्रतिशत मतदान की शपथ दिलायी और ग्राम प्रधान को गांव में मतदाता जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बेलसर ब्लाक के डिडिसिया कला गांव के मछरहिया गांव को जाने वाली सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। यह सड़क करीब 17 साल पहले बनवाई गयी थी। ग्रामीण इस सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार नेताओं और अफसरों से फरियाद कर चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पिछले दिनों सडक निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था और रोड नहीं तो वोट नहीं का पोस्टर लेकर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी थी। अमृत विचार ने ग्रामीणों की मांग को "रोड नहीं तो वोट नहीं, प्रदर्शन" शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

खबर का संज्ञान लेकर मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मौलि सोमवार को मछरहिया गांव पहुंची और ग्रामीणों से बात की। उन्होने गांव के सरकारी स्कूल में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी और सड़क की मरम्मत कराने का भरोसा दिलाया। सीडीओ के समझाने को बाद ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की अपनी चेतावनी वापस ले ली। इसके बाग सीडीओ ने सभी को शत प्रतिशत मतदान की शपथ दिलायी। सीडीओ ने गांव के प्रधान को मतदाता जागरुकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें -पल्लवी पटेल ने 2022 के चुनाव को लेकर अखिलेश पर कसा तंज, स्वामी प्रसाद मौर्य की तारीफ
