Kannauj में कल आएंगे सपा प्रमुख अखिलेश यादव...प्रत्याशी का ऐलान संभव, इतनी देर तक पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव आएंगे

कन्नौज, अमृत विचार। चुनावी बेला में लंबे समय से कन्नौज से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी को लेकर कयासों का दौर जारी है। संभवत: इस पर मंगलवार को विराम लग जाए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री/विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे और सभी प्रभारियों-पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। करीब साढ़े चार घंटे के प्रवास के दौरान यहां से पार्टी प्रत्याशी का एलान हो सकता है।

पार्टी की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ से सुबह साढ़े नौ बजे प्रस्थान कर पार्टी के जिला कार्यालय पर 11 बजे पहुंचेंगे। यहां वे संगठन के बूथ प्रभारियों, सेक्टर पर्यवेक्षकों, सेक्टर प्रभारियों-सह प्रभारियों, जोन प्रभारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। करीब साढ़े चार घंटे मंथन के उपरांत शाम साढ़े तीन बजे वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। 

माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान ही कन्नौज से सपा प्रत्याशी का एलान हो जाएगा और अटकलों पर विराम लग जाएगा। बता दें कि भाजपा द्वारा करीब एक महीने पहले ही प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है जबकि प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दल सपा से अब तक चेहरा स्पष्ट न होने से पार्टीजन असमंजस की स्थिति में हैं। प्रचार प्रसार को लेकर दिशाहीन महसूस कर रहे हैं।

शुरू से ही इस बात की चर्चा तेज है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपनी राजनीति की शुरुआती पाठशाला यानी कन्नौज से ही चुनाव मैदान में कूदने की तैयारी में हैं। हालांकि बीच-बीच में और भी नाम सामने आए। कभी धर्मेंद्र यादव का नाम चर्चा में आया तो फिर बिधूना विधायक रेखा वर्मा को लेकर कयास लगे। 

इसके बाद अखिलेश के भतीजे तेज प्रताप के भी चुनाव लड़ने को लेकर हवा उड़ी। फिर पार्टी जनों ने दावा किया कि पार्टी मुख्या ही मैदान में होंगे। अभी तक तस्वीर स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि पार्टी के ही भरोसेमंद सूत्र बता रहे हैं कि मंगलवार को अटकलों पर विराम लग सकता है और कन्नौज से प्रत्याशी का चेहरा अधिकृत रूप से सामने आ जाएगा।

ये भी पढ़ें- Kanpur: महिला पार्षद खुद ही सीवर में करने लगी सफाई, बोली- अधिकारी नहीं लेते सुध, उनके घरों में फेंकेगें गंदा पानी, देखें- VIDEO

संबंधित समाचार