बरेली: जिलाध्यक्ष से खटपट, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष समेत कई ने दिया इस्तीफा...जानें मामला
आंवला में रविवार शाम थाने के घेराव के दौरान हुआ था विवाद
आंवला, अमृत विचार। आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह पर सार्वजनिक रूप से डांट-फटकार कर अपमानित करने का आरोप लगाकर सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शिवेक खंडेलवाल ने अपने कई सहयोगियों के साथ पद से त्यागपत्र दे दिया। आदेश और शिवेक के बीच तब खटपट हुई थी, जब एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ पुलिस वालों की बदसलूकी के विरोध में वे थाना घेरने पहुंचे थे।
शिवेक ने युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में कहा है कि वह और उनके साथी शुरू से आरएसएस और भाजपा से जुड़े हैं। रविवार शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में आंवला थाने का घेराव किया गया था। इसी बीच उन्होंने जिलाध्यक्ष को आंवला पुलिस के बारे में कुछ बताने की कोशिश की तो जिलाध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से उन्हें फटकारते हुए पार्टी से निष्कासन की चेतावनी दे दी। इससे उन्हें काफी धक्का लगा। वे लोग व्यक्ति विशेष के लिए नहीं बल्कि संगठन के लिए काम करते है।
जिलाध्यक्ष के व्यवहार से उन्हें कष्ट हुआ है। इसलिए अपने साथियों के साथ पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। त्यागपत्र में उपाध्यक्ष प्रियांशु गुप्ता, सूजल अग्रवाल, योगेश मौर्य उपाध्यक्ष, मंत्री विवेक सिसौदिया, राघव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुरली मनोहर मौर्य, धवन माहेश्वरी, अनिल राजपूत, शिवम प्रजापति, सत्यभान पाराशरी के हस्ताक्षर भी है। देर शाम हिमांशु ठाकुर, योगेश मौर्य, सत्यभान पाराशरी, अनिल राजपूत आदि ने भी इस्तीफा देने की भाजपा के एक व्हाट्सएप ग्रुप में पुष्टि की।
शिवेक खंडेलवाल पुलिस की पैरवी करना चाह रहे थे जिसके लिए मना किया था। उन्होंने पद से त्यागपत्र देने की बात कही है। पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले कई और पदाधिकारियों ने पद छोड़ने से इन्कार किया है। इन पदाधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। इसके बाद आगे निर्णय लिया जाएगा - आदेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला।
ये भी पढ़ें- बरेली: पत्र वाहक ने बीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप, सीडीओ को दिए गए जांच कराने के आदेश
