शाहजहांपुर: भ्रष्टाचार में डूबे नेताओं को बचाने में जुटा इंडी गठबंधन- सुरेश कुमार खन्ना

शाहजहांपुर: भ्रष्टाचार में डूबे नेताओं को बचाने में जुटा इंडी गठबंधन- सुरेश कुमार खन्ना

शाहजहांपुर, अमृत विचार: सूबे के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंगलवार को इंडी गठबंधन के नई दिल्ली में हुए महासम्मेलन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन घोटालेबाजों का जनबंधन है। इससे जुड़े सभी नेता भ्रष्टाचार खत्म करने की वकालत तो कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई पर विरोध करने लगते हैं। वह चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचारी कारनामों से पर्दा न उठाया जाए। यह गठबंधन भ्रष्टाचार में डूबे एक-दूसरे नेताओं को बचाने में जुटा है।

वित्त मंत्री मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय राजभवन में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने दिल्ली रैली में कहा कि एनडीए से देश बंट जाएगा, लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा, जबकि सच्चाई यह है कि एनडीए सरकार से सिर्फ उन्हीं लोगों को खतरा है, जो भ्रष्टाचारी हैं और झूठी-फरेबी आरोप लगाकर आमजनता को भ्रमित कर रहे हैं। 

जनता इनके कारनामों को देख रही है और इनकी असलियत भी समझ रही है। मोदी देश को परिवादवाद की राजनीति से आगे ले जाना चाहते हैं और वैसा माहौल ही देश में बन भी रहा है। आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत का सम्मान कर रहा है। मोदी की कार्यशैली और नीतियों से देश के 60 प्रतिशत गरीबों को लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश को मजबूत और विकसित बनाने का है, जो हर हाल में पूरा किया जाएगा। जनता मोदी के साथ है। 

कैबिनेट मंत्री खन्ना ने कहा कि इंडी गठबंधन के प्रत्येक पार्टी और सदस्य के अलग विचार है, अलग नीतियां है, यहां तक कि कार्यशैली भी अलग है, इसके बावजूद वह एकता दिखाना चाहता है। इसका मुख्य उद्देश्य सिर्फ मोदी को हराना है। कांग्रेस के नेतृत्व में इंडी गठबंधन से जुड़ी पार्टियां अपने क्षेत्रों में अपनी मनमानी से प्रत्याशी मैदान में उतार रहे है और बात एकता की कर रहे हैं। वह सिर्फ जनता को गुमराह करने वाला गठबंधन है।

 सभी देश में नकारात्मकता का माहौल खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। सपा पर हमला बोलते हुए खन्ना ने कहा कि यह पार्टी हमेशा से ही गुंडों- माफियों को संरक्षण देती रही है। सपा सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया का फार्मूला चलता था। इसी तरह आरजेडी, उद्धव गुट का भी हाल है। सभी हिंदू धर्म और सनातनियों को गालियां देने में नहीं चूक रहे हैं। कोई रामचरित मानस के लिए भी अपशब्द कह रहा है। इंडी गठबंधन के नेता चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचार पर पर्दा पड़ा रहे।

इस मौके पर लोकसभा प्रभारी राम गोपाल मिश्रा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपी सिंह, लोकसभा संयोजक अरुण गुप्ता, मीडिया प्रभारी राम बरन सिंह चंदेल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: गोशाला में चार और पशुओं ने तोड़ा दम, कई बीमार