Bareilly News: बीजेपी को जितने वोट 2019 के लोकसभा चुनाव में मिले, उतने ही 2022 के विधानसभा चुनाव में

Bareilly News: बीजेपी को जितने वोट 2019 के लोकसभा चुनाव में मिले, उतने ही 2022 के विधानसभा चुनाव में

बरेली, अमृत विचार। इन आंकड़ों पर आश्चर्य किया जा सकता है कि लोकसभा चुनाव 2019 और विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा के वोटों की संख्या जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग जस की तस रही।

तीन साल का अंतर होने के बावजूद कैंट विधानसभा क्षेत्र में तो सिर्फ 84 वोटों का अंतर आया। सर्वाधिक करीब छह हजार वोट बरेली विधानसभा क्षेत्र में बढ़े। बाकी तीन विधानसभा क्षेत्र में यह अंतर हजार-दो हजार वोट का ही रहा।

दोनों चुनाव में वोटों की संख्या में जो भी उतार-चढ़ाव हुआ, वह सिर्फ सपा-बसपा और कांग्रेस के ही खाते में हुआ। भाजपा के प्रत्याशी संतोष गंगवार को लोकसभा चुनाव 2019 में कुल मिलाकर पांच लाख 63 हजार 533 वोट मिले थे। विधानसभा चुनाव 2022 में भी आश्चर्यजनक तरीके से जिले की पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को कुल मिलाकर पांच लाख 65 हजार 486 वोट मिले। यानी अंतर करीब दो हजार वोटों का ही आया।

संतोष गंगवार ने मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 19 हजार 154 वोट पाए थे। तीन साल बाद हुए विधानसभा चुनाव में मीरगंज से पार्टी प्रत्याशी डॉ. डीसी वर्मा को भी एक लाख 16 हजार 435 वोट मिले। यह अंतर तीन हजार से भी कम वोटों का था। लोकसभा चुनाव में संतोष गंगवार को नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 10 हजार 628 वोट मिले थे। विधानसभा चुनाव में पार्टी के डॉ. एमपी आर्या को भी एक लाख 11 हजार 113 वोट मिले। 

भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र में संतोष गंगवार को एक लाख 11 हजार 799 वोट मिले और विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे बहोरनलाल मौर्य को एक लाख नौ हजार 993 वोट। हालांकि बहोरनलाल मौर्य को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। बरेली विधानसभा क्षेत्र में संतोष गंगवार को एक लाख 23 हजार 105 वोट मिले। तीन साल बाद विधानसभा चुनाव में इसी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरुण कुमार लड़े तो उन्होंने एक लाख 29 हजार 14 वोट पाए।

बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र से लोकसभा चुनाव में संतोष गंगवार को 98 हजार 847 वोट मिले थे, विधानसभा चुनाव में इसी सीट से भाजपा के प्रत्याशी संजीव अग्रवाल को 98 हजार 931 वोट मिले। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में यहां सबसे कम सिर्फ 84 वोटों का अंतर रहा।

ये भी पढ़ें- बरेली: हजार प्रचारकों की भीड़ तैयार कर गए सीएम योगी, माहौल बनाने की सौंपी जिम्मेदारी