बरेली: 50 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ दी पीसीएस प्री की परीक्षा
बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को पीसीएस-प्री की परीक्षा आयोजित कराई गई। इस परीक्षा को जिले में 50 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ दिया। जिले के 49 केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे …
बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को पीसीएस-प्री की परीक्षा आयोजित कराई गई। इस परीक्षा को जिले में 50 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ दिया। जिले के 49 केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली।
परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 22,400 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। लेकिन पहली पाली में केवल 11472 (51.21 फीसदी) अभ्यर्थी ही शामिल हुए। जबकि 10928 (48.78 फीसदी) अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में कुल 11191 (50 फीसदी) अभ्यर्थी उपस्थित हुए। जबकि 11209 (50 फीसदी) अभ्यर्थियों गैरहाजिर रहे।
परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराया गया। अधिकांश केंद्रों पर जमकर लापरवाही देखने को मिली। कोरोना गाइडलाइन का उल्लघंन हो रहा था। जिले में कई केंद्र तो ऐसे थे जहां पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनेटाइजेशन में भी लापरवाही बरती जा रही थी। बरेली कॉलेज में भी कहीं सैनेटाइजेशन नहीं हो रहा था तो कहीं, सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग से ही काम चलाया जा रहा था। ऐसे में संक्रमण का खतरा अब और बढ़ गया है।
अभ्यर्थी बोले
“पेपर में ज्यादा दिक्कतें नहीं आई। ज्यादा कठिन पेपर नहीं आया था। जून तक की ही करंट अफेयर्स के बारे में ज्यादा पूछा गया था। कुल मिलाकर देखा जाए तो परीक्षा अच्छी हुई।” -प्रीती, आवंला
“यह परीक्षा पहले के मुकाबले आसान तो नहीं थी। मगर इस परीक्षा को रटने वाले नहीं, बल्कि स्मार्ट तरीके से पढ़ाई करने वाले लोगों ने बहुत आसानी से कर लिया होगा। अब परीक्षा का पेटर्न थोड़ा बदला सा लगा।” -प्रमोद कुमार, शास्त्री नगर
“इस बार परीक्षा में ज्यादा पुराने सवालों पर ध्यान नहीं दिया गया था। 2019-20 से ही अधिकांश प्रश्नों को पूछ लिया गया था। परीक्षा में कोई दिक्कत नहीं हुई बिल्कुल आसानी से हो गया।” -दिव्या, बरेली
