शाहजहांपुर: 11 गोवंशीय पशुओं की मौत के बाद गोशाला पहुंचे सीवीओ, लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुटार, अमृत विचार: महोलिया वीरान में अस्थाई गोशाला और नंदीशाला में 11 पशुओं की मौत के बाद आखिरकार प्रशासन की नींद टूट गई। अमृत विचार अखबार में खबर छपने के बाद सीवीओ मनोज कुमार अग्रवाल ने गोशाला पहुंचकर निरीक्षण किया। जहां भारी गंदगी और पशुओं की मौत की संख्या में इजाफा होने पर कड़ी नाराजगी जताने के साथ ही व्यवस्था देख रहे लोगों को फटकार लगाई।

बीडीओ, ब्लाक प्रमुख ने भी गोशाला का निरीक्षण किया। प्रधान, सचिव ने गोशाला और नंदीशाला में सफाई कराई और गायों के खाने को भूसा, दाना और नमक पहुंचाया गया। जिससे पहले से कुछ हालात सुधर गए है।

खुटार के सिमरा वीरान के समीप महोलिया वीरान का अस्थाई गोशाला और नंदीशाला है। जिसमें नौ सौ से अधिक पशु है और 15 से ज्यादा ग्वाले देखरेख कर रहे है। 31 मार्च से दो अप्रैल तक 11 पशुओं की मौत हो गई थी। अमृत विचार अखबार ने खबर को बड़ी प्रमुखता से प्रकाशित किया, तो अधिकारियों ने मामला संज्ञान में लिया।

मंगलवार शाम चार बजे सीवीओ मनोज कुमार अग्रवाल ने गोशाला और नंदीशाला का बारीकी से निरीक्षण किया। जहां खामियां मिलने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से फैली गंदगी की साफ सफाई और बीमार पशुओं का उपचार कराने के निर्देश दिए थे।

बुधवार सुबह खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र मिश्रा और ब्लॉक प्रमुख नमित दीक्षित गोशाला पहुंचकर निरीक्षण किया। जहां सचिव महेशकांत पांडेय, प्रधान गुरमेज सिंह पहले से ही ग्वाले और सफाईकर्मियों से साफ सफाई करा रहे थे। गोशाला परिसर में पड़े ईंट पत्थर को वाहन में भरकर दूसरे स्थान पर डलवा दिए गए। जबकि गोशालाओं में फैली गंदगी साफ कराई गई।

गोशाला में अब आएगी चारा मशीन
अस्थाई गोशाला और नंदीशाला में पशुओं के लिए बुधवार को 58 बोरी चोकर (दाना), दस बोरी नमक और करीब 70 क्विंटल भूसा मंगाया गया है। खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पशुओं का उपचार करा दिया गया और लगातार हो भी रहा है।

गोशाला में भूसा, दाना और नमक है, जो गायों को डाला जा रहा है। प्रधान गुरमेज सिंह ने कहा कि दो दिन में गोशाला में चारा मशीन आ जाएगी। साथ ही नंदीशाला में चारा मशीन है। पशुओं की देखरेख अच्छी तरह से हो रही है। थोड़ा बिलम्ब हो गया था। अब भूसा, चारा की कमी नहीं है।

गोशाला पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। बीमार पशुओं का उपचार कराया गया है। साथ ही संबंधित को सफाई व्यवस्था आदि के निर्देश दिए गए थे---मनोज अग्रवाल, सीवीओ शाहजहांपुर।

छुट्टी से वापस आने के बाद ब्लॉक प्रमुख खुटार के साथ गोशाला पहुंचकर निरीक्षण किया गया। जहां फैली गंदगी, ईंट पत्थर आदि की सफाई व्यवस्था कराई गई। साथ ही भूसा और दाना भी मंगवाया गया है। संबंधित को व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए गए है। गोशाला में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी---वीरेंद्र मिश्रा, बीडीओ खुटार।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: स्कूलों की मनमानी से अभिभावकों पर आफत, दोगुने रेट पर मिल रहे कोर्स और यूनिफॉर्म 

संबंधित समाचार