पीलीभीत: वीटीआर एप पर नजर आएगा वोटिंग का रुझान, जान सकेंगे मतदान प्रतिशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार: मतदान का रुझान अब वोटर टर्न आउट रेशियो (वीटीआर) एप पर नजर आएगा। इसके माध्यम से किसी भी मतदान केंद्र का रुझान पता किया जा सकेगा। मतदान के दिन मतदान कर्मी प्रत्येक दो घंटे में वोटिंग का डाटा फीड करेंगे। इसके लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव लगातार हाईटेक होता जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव को हाईटेक करते हुए कई तरह के एप विकसित किए हैं। इसको लेकर आयोग की ओर से एक ओर जहां प्रत्याशियों, मतदाताओं आदि की सुविधा को लेकर एप विकसित किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर आयोग की ओर से मतदान का रुझान जानने के लिए भी वोटर टर्नआउट रेशियो एप विकसित किया है।

 इस एप के माध्यम से लोग किसी भी मतदान केंद्र या फिर जिले का मतदान प्रतिशत जान सकेंगे। यह एप मतदान कार्मिकों के मोबाइल फोन पर इंस्टॉल कराया जाएगा। मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदान कार्मिक कितने वोट पड़ चुके हैं, इसको डाटा हर दो घंटे में इस एप पर फीड करेंगे।

वीटीआर एप का आम लोग भी प्ले स्टोर में जाकर इंस्टाल कर सकते हैं। मतदान के दिन इस एप का इस्तेमाल किया जा सकेगा। लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान मतदान कर्मियों को वीटीआर एप के संचालन एवं डाटा फीडिंग की जानकारी दी जा रही है। 

प्रभारी कार्मिक/सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वोटर टर्नआउट रेशियो एप में डाटा फीडिंग को लेकर मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। मतदान के दिन पीठासीन अधिकारियों द्वारा डाटा फीड किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: महिला दरोगा पर कार्रवाई की मांग, सीओ को सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार