Kanpur: इस दिन से शुरू होंगे नवरात्र...जानें कलश स्थापना का मुहूर्त, घोड़े पर आएंगी मां दुर्गा, युद्ध छत्रभंग के संकेत

Kanpur: इस दिन से शुरू होंगे नवरात्र...जानें कलश स्थापना का मुहूर्त, घोड़े पर आएंगी मां दुर्गा, युद्ध छत्रभंग के संकेत

कानपुर, अमृत विचार। चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी और हाथी पर सवार होकर जाएंगी। चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से चैत्र नवरात्र की शुरुआत होती है। इस साल चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि आठ अप्रैल को देर रात 11.50 मिनट से शुरू होगी। ये तिथि अगले दिन यानी नौ अप्रैल को संध्याकाल 8.30 बजे समाप्त होगी। हिंदू धर्म में उदया तिथि ली जाती है। इसलिए नौ अप्रैल को कलश स्थापना होगी।

पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि नौ अप्रैल को कलश स्थापना का समय सुबह 5.52 मिनट से लेकर 10.04 बजे तक है। इसके अलावा 11.45 बजे से लेकर दोपहर 12.35 तक अभिजीत मुहूर्त है। इन दोनों मुहूर्त में घटस्थापना कर सकते हैं। चैत्र नवरात्र के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि पर सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग है। अमृत और सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण सुबह 7.32 बजे से हो रहा है। ये दोनों योग शाम 5.06 मिनट तक हैं।

चुनाव के नतीजे आश्चर्यजनक हो सकते

चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी। वाहन से निर्धारित होता है कि नवरात्र पर्व किस दिन से आरंभ हो रहा है। पंचांग के अनुसार नवरात्र नौ अप्रैल मंगलवार से है। माता के घोड़े पर सवार होकर आने से शुभ संकेत नहीं माना जाता है। घोड़े पर माता का आना युद्ध छत्रभंग का संकेत है। इस साल चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि चुनाव के नतीजे आश्चर्यजनक हो सकते हैं। 

सूर्यग्रहण का नहीं रहेगा प्रभाव

ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि एक दिन पहले सोमवती अमावस्या है। इस दिन सूर्यग्रहण भी है, लेकिन इसका प्रभाव देश में नहीं रहेगा। न सूतक और न कोई प्रभाव रहेगा। सोमवती अमावस्या स्नान-दान का पर्व है। इस दिन पितृों के निमित्त तर्पण करने का विशेष दिन है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: उद्यान विभाग और अभियंत्रण में करोड़ों की फाइलें निरस्त; आदेश जारी होने के बाद विभागों में मची खलबली