शाहजहांपुर: ममता हुई शर्मसार...छह महीने की बच्ची का मां ने गला घोंटा, पति के FIR के बाद खुलासा
शाहजहांपुर/बंडा, अमृत विचार: मां के साथ ननिहाल में रह रही छह माह की बच्ची की हत्या उसकी मां ने ही गुस्से में गला घोटकर की थी। बच्ची के पिता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव उल्लिया निवासी शिवम कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी राजबेटी अधिकतर मायके में रहना पसंद करती थी। होली से पूर्व 20 मार्च को पत्नी राजबेटी छह माह की बेटी निहारिका को लेकर मायके सिंघापुर पनई थाना बंडा गई थी। दो अप्रैल को सुबह दस बजे उसके साले चंद्रपाल ने फोन करके बताया कि निहारिका बीमार है, फिर बीस मिनट बाद साले ने दोबारा फोन किया कि निहारिका की मृत्यु हो गई है।
वह अपने पिता, माता, भाई, भाभी के साथ ससुराल बंडा गया। इस दौरान उसे बेटी के गले पर निशान दिखाई दिया। जिससे उसे बेटी की हत्या किए जाने का शक हुआ। उसने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग पुलिस से की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बेटी की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पिता ने कहा कि बेटी की हत्या उसकी मां ने की है। शिवम की तहरीर पर बंडा पुलिस ने बच्ची की मां राजबेटी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। गुरुवार को ढाई बजे आरोपी राजबेटी को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पूछताछ में बताया कि बेटी के गले में काला धागा पड़ा था, जिसे गुस्से में आकर उसने खींच दिया था। गला कस जाने से निहारिका की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित मां का चालान कर दिया है।
मासूम बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी महिला के खिलाफ उसके पति की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला को उसके मायके स्थित घर से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है---राकेश मौर्य, थानाध्यक्ष बंडा।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मनरेगा में बजट का टोटा, पैसे की कमी से दम तोड़ रही योजनाएं
