बड़े नेता कहेंगे तो जरूर लड़ूंगी मैनपुरी से चुनाव, बोलीं अपर्णा यादव

हेमा मालिनी पर सुरजेवाला की टिप्पणी पर चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग, कहा- महिलाओं का अपमान कांग्रेस का डीएनए

बड़े नेता कहेंगे तो जरूर लड़ूंगी मैनपुरी से चुनाव, बोलीं अपर्णा यादव

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की नेता और सपा के संस्थापक रहे मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने गुरुवार को मैनपुरी से जेठानी डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि बड़े नेता कहेंगे तो जरूर लड़ूंगी। राहुल और प्रियंका के अमेठी रायबरेली से चुनाव लड़ने पर कहा कि वे हमेशा झूठ और लोगों को गुमराह करने की बातें करते हैं। ये लड़ने की परिस्थिति में नहीं हैं। अमेठी और रायबरेली भी भाजपा जीतेगी। भाजपा के राज्य मुख्यालय पर गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए अपर्णा ने

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा मथुरा सीट से मौजूदा सांसद और प्रत्याशी हेमा मालिनी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर जमकर निशाना साधा। कहा कि महिलाओं की अस्मिता और आत्मसम्मान को चोट पहुंचाने का कांग्रेस में पुराना कल्चर है। महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी का सम्मान करती है, महिला को सशक्त करती है, वहीं, कांग्रेस नेता महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

हेमा मालिनी पर रणदीप सुरजेवाला की टिप्पणी निंदनीय है। चुनाव आयोग से अपील है कि इनकी टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए करवाई हो। कांग्रेस के कई नेता इस तरह के बयान देते आए हैं। सुप्रिया श्रीनेत ने कंगना रनौत पर गलत टिप्पणी की। कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े लोगों पर भी महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार के उदाहरण सामने आए हैं।

देश की मातृशक्ति के अपमान का जवाब 2024 में मिलेगा। कहा कि, कांग्रेस में अनगिनत नेता और उदाहरण भरे पड़े हैं, स्वयं राहुल गांधी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, शशि थरूर समेत आजम ख़ान, अबू आज़मी जैसे इंडी गठबंधन के नेता भी महिलाओं के ख़िलाफ़ अनर्गल और अपमानजनक टिप्पणी करते आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: दहशत फैलाने के लिए व्यवसाई से मांगी थी 20 लाख की फिरौती, तीन गिरफ्तार