शाहाबाद में सीओ ने दुकानदारों को दी चेतावनी-दुकानों पर दिखा चाइनीज मांझा तो खैर नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहाबाद /हरदोई, अमृत विचार। क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा ने मांझा विक्रेताओं के खिलाफ कड़ा रूप अपनाते हुए स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि अगर अब दुकानों पर चाइनीज मांझा बिक्री करते हुए पाया गया तो फिर विक्रेताओं की खैर नहीं है। उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि वह ऐसा अवैध कार्य करने से सबक लें। क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा अमृत विचार से बातचीत कर रहे थे। 

चाइनीज मांझा से महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों के अंग कटने की लगातार बढ़ती हुई घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा ने पतंग विक्रेताओं को कोतवाली में बुलाकर चाइनीज मांझा न बेचने की हिदायत दी थी। बावजूद इसके विक्रेताओं के कान पर जूं नहीं रेंगी और वह धड़ल्ले से बिक्री करते रहे। परिणाम यह हुआ कि आधा दर्जन से अधिक लोग चाइनीज मांझा से कट कर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसकी सूचनाएं जब क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा को मिली तो उनके तेवर तल्ख हो गए। उन्होंने आनन-फानन में छापेमारी करके कर मांझा विक्रेताओं को पकड़वा लिया। चार विक्रेता सुमेरचंद, ताज खान, आफताब और सूरज पुलिस के गिरफ्त में आए। और उन पर कार्रवाई इस हिदायत के साथ की गई कि अगली बार अगर कोई भी विक्रेता चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा गया तो उसकी खैर नहीं। क्षेत्राधिकारी के कड़े तेवरों के बाद अब शहर वासियों को प्रतीत हो रहा है कि शायद इसकी बिक्री बंद होजाए। 

आपको बता दें चाइनीज मांझा की चपेट में आकर बसंत गुप्ता एडवोकेट की  दो उंगलिया कट कर जमीन पर गिर गई थी, शाहाबाद कोतवाली में तैनात महिला सिपाही प्रियंका की नाक पर गहरा जख्म हुआ, इसके अतिरिक्त कटरा मोहल्ले के रहने वाले अमित मिश्रा की चार उंगलियां कटीं , गढ़ी खुर्द के फार्मासिस्ट की ट्रेनिंग कर रहे शिवम कश्यप की गर्दन और हाथ में चोटें आई । मंझिला थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर निवासी लेखराज 50 वर्ष के मुंह और गर्दन पर भयंकर चोट आई, उनके 15 टांके लगे। 

ये भी पढ़ें -Video: लखनऊ में शांतिपूर्ण संपन्न हुई अलविदा की नमाज, सुरक्षा के किये गए सख्त इंतजाम

संबंधित समाचार