रामनवमी अयोध्या: 100 जगह पर लगाई जाएंगी एलईडी स्क्रीन, स्थापित किया जाएगा राम दरबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनवमी पर रामलला के दरबार से जन्मोत्सव का लाइव प्रसारण शहर में 100 स्थानों पर देखा जा सकेगा। इसके लिए एलईडी स्क्रीन लगवाई जाएंगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार शाम कहा  कि राम मंदिर के प्रथम तल पर भगवान राम का दरबार स्थापित किया जाएगा। राम दरबार के लिए भी प्रमुख चित्रकारों के द्वारा भगवान के स्वरूप को तय कर मूर्तिकारों के द्वारा मूर्तियों को तैयार कराया जाएगा। इस कार्य को धीरे-धीरे आगे विकसित करने की प्रक्रिया को लेकर ट्रस्ट की बैठक में चर्चा की गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास ने की। इस दौरान निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्नतीर्थ महाराज, महंत दीनेंद्र दास, विमलेंद्र मोहन मिश्र, डॉ. अनिल मिश्र, केंद्रीय गृह सचिव प्रशांत लोखंडे, जिलाधिकारी नितिश कुमार और रूप से आमंत्रित महंत कमलनयन दास और गोपालजी राव उपस्थित रहे।

निर्माण समिति की बैठक में निर्माण कार्य और उत्सव पर मंथन 
प्राण प्रतिष्ठा के बाद आगामी रामनवमी को लेकर जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण समिति और तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की संयुक्त बैठक हुई। इस दौरान निर्माण कार्य और उत्सव की तैयारियों पर मंथन हुआ। इसके पूर्व निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र व ट्रस्ट के सदस्यों के द्वारा जन्मभूमि पथ पर लगाई जा रही रेलिंग और बैरियर का निरीक्षण किया। जन्मभूमि परिसर में स्थित यात्री सुविधा केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। परिसर में राम मंदिर के प्रथम तल और द्वितीय तल के निर्माण का कार्य चल रहा है। सप्त मंडप को तैयार करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। रामनवमी मेले के दौरान निर्माण कार्य बाधित न हो इसको लेकर कार्यदायी संस्था एलएंडटी और टाटा कंसल्टेंसी के इंजीनियरों के साथ मंथन विचार-विमर्श हुआ है।

ये भी पढ़ें - नवरात्रि विशेष: माता के नौ स्वरूपों की आराधना से बनेंगे भक्तों के बिगड़े काम, जानें घटस्थापना का मुहूर्त

संबंधित समाचार