एटा: पिता-भाई ने की युवती की गोली मारकर हत्या, जलाया शव...पुलिस ने चिता से उठाई लाश
एटा। यूपी के एटा से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है जहां पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं गांव वालों को गुमराह करने के लिए दोनों मृत हालत में बेटी को लेकर अलीगंज सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के पास सूचना पहुंचने से पहले ही पिता पुत्र बेटी के शव को लेकर गांव भाग आए और अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने जलती चिता से शव के अवशेष निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं युवती के परिजन फरार हो गए हैं।
गांव नगला गही में शनिवार दोपहर महेंद्र सिंह और उसके पुत्र रिंकू ने बेटी सपना को गोली मार दी। इस दौरान गांव के लोगों को पता चल गया और वे घर के बाहर एकत्रित होने लगे। घटना के बाद परिवार ने गांव में यह प्रचारित कर दिया कि लड़की ने स्वयं खुद को गोली मारी है। इसके बाद परिजन सपना को लेकर अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वालों ने अपना नाम पता तक अस्पताल में दर्ज नहीं कराया। परिवार के लोगों ने रात के समय अंतिम संस्कार कर दिया।
वहीं गांव के लोगों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी तब वह मौके पर पहुंची। तब तक काफी चिता जल चुकी थी। पुलिस ने जलती चिता से शव के कुछ अवशेष निकलवा लिए। पुलिस की तरफ से आरोपितों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना को ऑनर किलिंग के रूप में देखा जा रहा है। वहीं प्रथम दृष्टया पुलिस भी यह मान रही है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- ई-खसरा पड़ताल में एटा को मिला पहला स्थान, डीएम ने कहा- जिले के लिए गौरव की बात
