बदायूं: इंसानियत हुई शर्मसार! सड़क पर थैले में मिला भ्रूण, नोंच रहे थे कुत्ते

तकरीबन दो महीने पहले भी बिलहत मार्ग पर मिला था भ्रूण

बदायूं: इंसानियत हुई शर्मसार! सड़क पर थैले में मिला भ्रूण, नोंच रहे थे कुत्ते

विजय नगला/बिनावर, अमृत विचार। थाना बिनावर क्षेत्र के कस्बा में पुरानी शराब भट्टी के पीछे सड़क पर थैली में भ्रूण पड़ा मिला। जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। राहगीरों ने पास जाकर थैले में भ्रूण देखा तो कुत्तों को भगाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के नर्सिंग होम में जाकर जांच कर रही है। 

मामला बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा राजमार्ग से गुजरने वाली एक गली का है। रविवार रात किसी महिला ने थैले में रखकर भ्रूण सड़क पर फेंक दिया। भ्रूण दो से तीन महीने के बीच का रहा होगा। सोमवार सुबह राहगीर गुजरे तो कुछ कुत्ते थैले में रखे भ्रूण को नोंच रहे थे। पहले तो राहगीरों ने पशु का मांस समझा लेकिन पास जाकर देखा तो वह भ्रूण देखकर दंग रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बा में कई अस्पताल व नर्सिंग होम बने हैं। जहां आए दिन गर्भपात का काम होता रहता है। 

इससे पहले तकरीबन दो महीने पहले बिलहत मार्ग पर एक अस्पताल के सामने भी भ्रूण मिला था। जिसमें अस्पताल के मालिक द्वारा भ्रूण फेंकने का मामला सामने आया था लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और मामला रफा दफा हो गया। कहा कि क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के नर्सिंग होम का संचालन हो रहा है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि एक भ्रूण मिला था। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: गाली देने का किया विरोध तो घर में घुसकर हमला, महिला से की छेड़छाड़...रिपोर्ट दर्ज