बदायूं: गाली देने का किया विरोध तो घर में घुसकर हमला, महिला से की छेड़छाड़...रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिकायत करने पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो कोर्ट की शरण में गई थी पीड़िता

बदायूं, अमृत विचार। शराब पीकर गाली देने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। महिला ने गाली देने का विरोध किया तो एक महिला समेत छह लोग उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। महिला से अश्लीलता और मारपीट की। महिला ने शोर किया तो पड़ोसी एकत्र हो गए। इस दौरान हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता के शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। तो वह कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके घर के पड़ोस में रहने वाले डोरी लाल, किशोरी लाल, विनीत, अनिल, सुधीर कच्ची शराब तोड़कर बेचते हैं। शराब पीकर उनके घर के सामने शोर मचाते हैं। महिला ने कई बार उन्हें चेतावनी दी कि शोर किया तो पुलिस से शिकायत कर देगी। जिसकी वजह से वह लोग महिला और उसके परिजनों से रंजिश रखते हैं। 

11 अक्टूबर 2023 सुबह लगभग 8 बजे विनीत, अनिल, सुधीर महिला के घर के सामने खड़े होकर बिना किसी बात के गाली देने लगे। महिला ने विरोध किया। तो वह और उनके साथ डोरी लाल, किशोरी लाल और शकुंतला देवी लाठी-डंडे लेकर महिला के घर में घुस आए और पीटना शुरू कर दिया। आरोपी है कि महिला के साथ छेड़छाड़ की। 

महिला को बचाने के लिए उसका बेटा आया तो आरोपियों ने डंडा मारकर उसका हाथ तोड़ दिया। शोर सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। थाने और एसएसपी से शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते वह कोर्ट की शरण मे गई। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सिविल लाइन में आरोपी किशोरी लाल, डोरी लाल, शकुंतला देवी, विनीत, अनिल और सुधीर के खिलाफ घर में जबरन घुसने, मारपीट, धमकाने, छेड़छाड़ और बलवा के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: संघमित्रा मौर्य को बीजेपी मैनपुरी से बना सकती है लोकसभा प्रत्याशी

संबंधित समाचार