Kanpur News: मौसम में बदलाव के कारण हो रहा वायरस...गले से पेट तक दिक्कत, हैलट अस्पताल में रोगियों की भीड़
कानपुर के हैलट अस्पताल के मेडिसिन विभाग में पहुंच रहे बीमार
कानपुर, अमृत विचार। मौसम में बदलाव के कारण वायरस ने भी लोगों को अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। लोगों को अभी तक जहां गले में दिक्कत हो रही थी, वहीं अब पेट में भी समस्या होने लगी है, जिससे उल्टी, दस्त और कमजोरी का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से लोगों के लीवर पर भी असर पड़ने लगा है, ऐसे में वायरस से बचाव बेहद जरूरी है।
हैलट अस्पताल की मेडिसिन विभाग की ओपीडी में मरीजों की काफी भीड़ हो रही है। अधिकांश मरीज गले में दर्द, खांसी, जुकाम, वायरल बुखार, पेट में दर्द, उल्टी व दस्त की समस्या से ग्रस्त होकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें युवा, महिला, बुजुर्ग सभी उम्र के लोग शामिल हैं। सोमवार को मेडिसिन की ओपीडी में पांच सौ से अधिक मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे, जिनमें से करीब 150 मरीज वायरल से ग्रस्त मिले, जबकि 30 प्रतिशत मरीजों में बीपी की समस्या मिलीं।
जीएसवीएम मेडिसिन विभाग के प्रो. जेएस कुशवाहा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरस की गति तेज हो जाती है, जिस वजह से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या अधिक हो रही है। गले में दर्द के कुछ मरीज सांस लेने में तकलीफ की बात भी कह रहे हैं, जिनको मुरारीलाल चेस्ट अस्पताल जाने की सलाह दी जा रही है।
सुबह से जांच के लिए लगी लाइन
हैलट अस्पताल की पैथोलॉजी और यूजर चार्ज काउंटर पर सुबह लेकर दोपहर तक मरीजों की भीड़ लगी रही। ऐसे में बीच-बीच में इंटरनेट की स्पीड कम होने या चले जाने की वजह से लाइन में लगे तीमारदारों व मरीजों को इस वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, ओपीडी के पर्चा काउंटर में भी मरीज व तीमारदारों को गर्मी इंटरनेट की वजह से दिक्कत हुई।
प्रोटीन युक्त चीजों का भरपूर करें सेवन
मेडिसिन विभाग के प्रो. जेएस कुशवाहा का कहना है कि वायरस से बचाव के लिए प्रोटीन युक्त चीजों का सेवन करना चाहिए। साथ ही कैलोरी की मात्रा को कम रखना चाहिए। ठंडे पानी, कोल्ड्रिंग आदि से परहेज करना चाहिए। बाहर गर्म से आकर तुरंत मुंह नहीं धोना चाहिए। पानी को उबाल कर पीए। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष रूप से ध्यान दें।
