पीलीभीत: मतदान केंद्र पर मिलेगी व्हीलचेयर और सहयोग करेंगे कर्मचारी, नगर पालिका संभालेगी जिम्मेदारी 

पीलीभीत: मतदान केंद्र पर मिलेगी व्हीलचेयर और सहयोग करेंगे कर्मचारी, नगर पालिका संभालेगी जिम्मेदारी 

पीलीभीत, अमृत विचार: लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास में जुटा है। चुनाव के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारी हो चुकी है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था होनी है। जिम्मेदारी मिलने के बाद अब 24 मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

इस बार में जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान चरण में 19 अप्रैल को होगा। बहेड़ी समेत पांच विधानसभा क्षेत्रों में 1242 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में 1924 बूथ हैं। 18 लाख 31 हजार 699 मतदाता हैं। मतदान में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है। 

अभी चार अप्रैल से आठ अप्रैल तक 80 प्लस और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगों के पोस्टल बैलेट से वोट घर-घर जाकर टीम ने डलवाए थे। अन्य दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर मुहैया होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु पुनिया ने नगर पालिका को क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था कराने के लिए ईओ को पत्र लिखा था। 

शहर नगरपालिका ने 24 मतदान केंद्रों को चिन्हित कर व्हीलचेयर की व्यवस्था की जिम्मेदारी ली है। व्हील चेयर के साथ ही बुजुर्ग और दिव्यांगजन को ले जाने के लिए कर्मचारी भी रहेंगे। ईओ  लाल चंद भारती ने बताया कि मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर रखवाने और कर्मचारियों  की डिमांड की गई है। कुल 24 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। सभी स्थानों पर कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: हंसते-हंसते जहर खा रहा हूं आज...और युवक ने दे दी जान, मरने से पहले बनाया वीडियो