बिजनौर: सीएम योगी ने जनसभा को किया संबोधित, बोले- यूपी में न दंगा है, न कर्फ्यू है, सब कुछ चंगा है 

बिजनौर: सीएम योगी ने जनसभा को किया संबोधित, बोले- यूपी में न दंगा है, न कर्फ्यू है, सब कुछ चंगा है 

बिजनौर, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जो लोग माफिया को पालते थे, वह आपको सुरक्षा नहीं दे सकते। कभी जिस माफिया की तूती बोलती थी, आज वह जान की भीख मांग रहे हैं। ध्यान रहे कि यह भाजपा का सुशासन है, जिसने सभी लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया है। 

मुख्यमंत्री मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा बढ़ापुर के गांव आलमपुर गांवड़ी में भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने 2016 में सहारनपुर में हुए सिख विरोधी दंगे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज यूपी में न दंगा है, न कर्फ्यू है सब कुछ चंगा है। दंगाई छिपे हुए हैं। 

राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए, आज अयोध्या की भव्यता, दिव्यता देखते ही बनती है। इस मंदिर के लिए कई पीढ़ियां कुर्बान हुईं। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे सामने राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। कहा कि विकास भी है, विरासत भी है, साथ में सुरक्षा भी है। 

मुरादाबाद में महात्मा जंभेश्वर के नाम से विश्वविद्यालय बन रहा है। बिजनौर में महात्मा विदुर नाम से मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। अमानगढ़ रेंज को वर्ल्ड क्लास सफारी बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। आज भारत को सब सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। आज केंद्र व प्रदेश में आपके हितों की चिंता करने वाली सरकारें हैं।

 इसलिए किसानों, हस्तशिल्पियों व कामगारों का सहयोग सरकार कर रही है। उन्होंने भारत में किए गए तेजी से विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में मेट्रो, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, उद्योग धंधे, हवाई, कुटीर उद्योगों को बढ़ावा आदि कार्य तेजी से स्थापित किए गए हैं। इससे युवाओं को भी आजिविका के साधन प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा कांग्रेस पर निशाना साधा। 

कहा कि उनके कार्यों में विकास या गरीब का उत्थान नहीं था, बल्कि व्यापारी, बेटियों, उद्योगों की सुरक्षा पर सेंध लगाने का काम ये लोग करते थे। 50 करोड लोगों को धन-जन व 12 करोड लोगों को किसान सम्मान योजना का लाभ दिया गया है। 10 करोड़ लोगों को निशुल्क गैस सिलेंडर दिए। कहा कि अब होली, दिवाली भी फीकी नहीं जाने देंगे, बल्कि एक-एक सिलेंडर सरकार की ओर से इन त्योहारों पर मुफ्त दिया जाएगा। 

चार करोड लोग को मकान, ढाई करोड़ को बिजली कनेक्शन दिए गए। कहा कि ये सब काम पहले की सरकारें भी कर सकती थीं पर उनकी नियत जनता के विकास की नहीं थी। इस दौरान मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कुमार सर्वेश सिंह, बढ़ापुर विधानसभा के भाजपा विधायक सुशांत सिंह, बिजनौर, जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बिजनौर : पड़ोसी को इंस्टाग्राम पर कमेंट करना पड़ा भारी, दोनों पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडें...मारपीट का Video Viral