बहेड़ी में CM योगी ने जनसभा को किया संबोधित, गन्ना किसानों के साथ बहेड़ी के लोगों से बताया भावनात्मक जुड़ाव

बहेड़ी में CM योगी ने जनसभा को किया संबोधित, गन्ना किसानों के साथ बहेड़ी के लोगों से बताया भावनात्मक जुड़ाव

अनुपम सिंह, बरेली। बहेड़ी में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की नाराजगी दूर करने का प्रयास करने का प्रयास किया। उन्होंने गन्ना भुगतान न करने पर चीनी मिलों का मालिक किसानों को बनाने की बात कही। बहेड़ी की केसर मिल पर हजारों किसानों का करोड़ों रुपये का बकाया है। उन्होंने बहेड़ी के लोगों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ने की कोशिश की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां का परिश्रमी किसान धरती से सोना उगाकर देश का पेट भरने का काम करता है, मगर पिछली सरकारों ने इसके परिश्रम और पुरुषार्थ की कीमत नहीं समझी। करीब 20 मिनट से ज्यादा के भाषण में मुख्यमंत्री बहेड़ी के लोगाें से भावनात्मक रूप से जुड़े। 

बहेड़ी को परिवर्तन की धरती बताकर उन्होंने यहां के लोगों के निर्णयों से होने वाले कौतूहल का जिक्र कर रिश्ते और पक्का किया। उन्होंने कहा कि वह 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार के समर्थन में रैली करने आने वाले थे मगर बारिश ने खलल डाल दिया लेकिन इस बार पहले से सोच रखा था कि बहेड़ी जरूर जाना है। बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद को जाट सम्मेलन के दौरान जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की गई थी। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने पर उन्होंने कार्रवाई कर सबक सिखाने की बात कही।

विपक्षी पार्टियों पर जमकर बरसे
मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ शनिवार को विपक्षी दलों पर जमकर बरसे। इससे पहले बरेली में प्रबुद्ध सम्मेलन और चुनाव से पहले हुए सभा में सीएम ने एक बार भी किसी भी दल का नाम नहीं लिया था और कानून व्यवस्था, विकास, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पिछली सरकारों को घेरा था लेकिन शनिवार को सपा, बसपा, कांग्रेस का नाम कई बार मंच से लिया।

कांग्रेस, सपा, बसपा कहती थी...राम, कृष्ण हुए ही नहीं
मुख्यमंत्री ने लोगों को आस्था से भी जोड़ते हुए कहा कि पांच सौ साल बाद अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। लोगों से पूछा कि बताइए सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारें क्या ऐसा कर पातीं। जवाब न में मिला। कहा कि ये लोग तो कहते थे राम और कृष्ण तो हुए ही नहीं। उन्होंने भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया और भारत माता, वंदे मातरम, दुर्गा मैया और काली माता के जयकारे लगवाए और जय श्रीराम के साथ बात खत्म की।

विकास की योजनाएं गिनाईं
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाते हुए कहा कि हाईवे बन रहे हैं। रेलवे की बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। मेडिकल कॉलेज, आईआईटी-आईआईएम बन रहे हैं। मेगा फूड पार्क का काम बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है। बोले कि जब एक जैसी सरकारें होती हैं। अच्छे लोग चुनकर जाते हैं तो उसके परिणाम भी अच्छे होते हैं।

सीएम ने राशन, स्वास्थ्य बीमा का कवर, आयुष्मान याेजना, किसान सम्मान निधि, शौचालय, उज्ज्वला कनेक्शन आदि योजनाएं गिनाईं। कहा कि तमाम योजनाएं केंद्र सरकार दे रही है और इसमें दाल में तड़का लगाने का काम यूपी सरकार कर रही है। करोड़ों गरीबों को मकान, बिजली, हर घर जल, सुविधाएं देकर हम लोगों के जीवन को सरल और सुगम बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: शिक्षक टैबलेट से नहीं भेज रहे सूचनाएं, कार्रवाई की चेतावनी