पीलीभीत: सपा में काम करता था वसूली गैंग, योगी राज में गुंडे- माफिया जेल में बंद या कहीं और...- सीएम धामी

पीलीभीत: सपा में काम करता था वसूली गैंग, योगी राज में गुंडे- माफिया जेल में बंद या कहीं और...- सीएम धामी

पूरनपुर/मझोला, अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भाजपा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के समर्थन में जनसभा कर विपक्ष पर सियासी वार किए।  एक तरफ मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। 

वहीं, सपा, बसपा-कांग्रेस पर कई मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा शासन काल में माफिया राज था। व्यापारियों को याद होगा कि वसूली गैंग काम करता था। मगर आज योगी सरकार में सारे गुंडे माफिया जेल में बंद हैं, प्रदेश के बाहर चले गए हैं या फिर कहीं और चले गए..। उनकी सुरक्षा और विकास की गारंटी भाजपा  सरकार दे रही है।

उत्तराखंड मुख्यमंत्री भाजपा के स्टार प्रचारक पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पीलीभीत सीट पर चुनावी सभाएं करने के लिए पहुंचे थे उन्होंने कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव गभिया सहराई, खमरिया तिराहे पर एक बरात घर और फिर उत्तराखंड सीमा से सटे मझोला कस्बे में प्रबुद्धजन सम्मेलन और जनसभा को संबोधित किया। पूरनपुर में सिख समुदाय के लोगों ने तलवार और दस गुरुओं का चित्र भेंट किया।  

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने हमेशा प्रबुद्धजनों का तिरस्कार किया। मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने हर उस योग्य व्यक्ति जिसके भीतर क्षमता है, प्रतिभा है, जिसने जीवन में परिश्रम किया है, जिसने ग्रोथ की और खुद को साधा है। उसका सम्मान मोदी सरकार में हुआ। 

दस साल में हुए बदलाव के बाद आज भारत चहुंमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है। महाशक्ति के रुप में उभर रहा है। भारत का डंरा पूरी दुनिया में बज रहा है। कोरोना जैसी महामारी का हमने सामना किया। इसके बावजूद भारत पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना।

उन्होंने कहा कि याद होगा  जब 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, उस समय जब यूपीआई पेमेंट को बढ़ावा देने की बात की थी तो बहुत सारे लोग मजाक उड़ा रहे थे। तब मोदी ने कहा था कि भारत की जनता को बेवकूफ समझने वाले लोगों को यहां की जनता खुद जवाब दे देगी। आज वो समय आ गया है। चाहे छोटी सी दुकान, फड़, ठेली, रेहड़ी वाला हो वह यूपीआई से पेमेंट कर रहा है। ये नया भारत आपके एक वोट की ताकत से बना है। 

मोदी की योजनाओं ने देश के हर गरीब, पिछड़े, समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की जिंदगी बदलने का काम किया है। मोदी सरकार ने ऐसे फैसले लिए हैं, जिनके बारे में कोई सोंचता भी नहीं और नामुमकिन कहता था। मगर एक झटके में कश्मीर भारत का अभिन्न अंग हो गया। कश्मीर के अंदर एक किसान, एक विधान और एक प्रधान की परिपाटी लागू हो गई। तीन तलाक का कानून लागू कर दिया। नागरिका संशोधन विधेयक लागू किया।  

विस्थापित भाइयों को अब कई अधिकार मिलेंगे और जीवन में परिवर्तन होने वाला है। सीमा सुरक्षा को लेकर भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कहा कि पहले देश के अंदर बहुत हमले हुआ करते थे।  लेकिन मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के भीतर हमला होता है कोई गोली आती है तो सेना सर्जिकल स्ट्राइक भी करती है। 

इसके अलावा अयोध्या धाम में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को बताया।  सिखों को साधते हुए 1984 पर बात की। कहा कि हमारे सिख भाई बड़ी संख्या में आए हैं। आज हमारे सिख समाज से दूसरे लोग वोट मांगने भी कैसे आ सकते हैं। विपक्ष को तुष्टीकरण की राजनीति करने वाला बताया।

पोलियो की दवा आने में लग गए गए थे 50 साल
दस साल में स्वास्थ्य सेवाओं में हुई बढ़ोत्तरी को भी बताया। कहा कि देश में जब पोलियो की बीमारी आई थी। उस वक्त पोलियो की दवा आने में 50 साल से ज्यादा का समय लग गया था।  मगर मोदी सरकार के दौरान कोरोना आया तो वैक्सीन लाने में छह माह का भी समय नहीं लगा।  यहां तक कि भारत ने वैक्सीन और दवाएं दूसरे देशों को भी मुहैया कराई। 

उन्होंने कहा कि विपक्ष का मकसद सिर्फ  मोदी को हटाना है।  इनकी लड़ाई सरकार बचाने की नहीं है। अत्यधिक मतदान की अपील की। सनातन धर्म को लेकर विपक्षी नेताओं के बयानों और शीर्ष नेताओं की चुप्पी को लेकर भी सियासी तीर चलाए।

पड़ोसी बताकर जोड़ते गए मतदाताओं से रिश्ता
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत माता की जय और जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के साथ अपना संबोधन शुरू किया। इस दौरान पीलीभीत के मतदाताओं से गहरा लगाव होने की बात कही और उन्हें साधने का प्रयास किया।। कहा कि वह तो पूरनपुर वालों के पड़ोसी हैं। मेरे घर के पास से निकलने वाली मां शारदा इस क्षेत्र में फसलों को सींचती है। यहां से मेरा गहरा लगाव है। करतारपुर साहिब कॉरिडोर से सिख मतदाता और सीएए को लेकर बंगाली मतदाताओं को भी साधने का प्रयास किया।

ये रहे मौजूद
पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, एमएलसी डॉ.सुधीर गुप्ता,पूर्व राज्यमंत्री डॉ. विनोद तिवारी, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह, चेयरमैन पूरनपुर शैलेंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष के पति गुरभाग सिंह, जिला महामंत्री लेखराज भारती, अजमेर सिंह छीना, हंसराज गुलाटी, हर्ष प्रधान,  चेयरमैन गुलड़िया भिंडारा निशांत प्रताप सिंह, सभासद जमील इदरीसी, अब्दुल हक़ीम, अब्दुल बसीर, रामअवतार, रघुवीर सिंह , अब्दुल कदीर, मुजाहिद ख़ान, धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट आदि।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: सपा नेताओं ने उखाड़ दिया हेलीपैड, भाजपा के उत्तराखंड CM का उड़नखटोला उतारने की लगी थी भनक...वीडियो वायरल