अखिलेश यादव का भाजपा पर प्रहार, मुजफ्फरनगर में बोले-चुनाव जीतकर संविधान बदलने की बात कह रही BJP

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुजफ्फरनगर/लखनऊ,अमृत विचार। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। समाजवादी पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का चुनाव है। भाजपा के लोग और उनके कई सांसद देश में लोकसभा चुनाव जीतकर संविधान बदलने की बात कह रहे हैं। बाबा साहब ने जो संविधान बनाया है भाजपा उसी को खत्म करना चाहती है। भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों की विरोधी है। बाबा साहब ने देश की जनता को वोट और आरक्षण का जो अधिकार दिया है, भाजपा उसे खत्म करना चाहती है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने हार के डर से विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे लगवाकर जेल भिजवाया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और झारखण्ड के मुख्यमंत्री रहे हेमन्त सोरेन को जेल भेजा गया। जनता सब देख रही है। चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।

जनसभा को सपा के मुजफ्फरनगर लोकसभा प्रत्याशी हरेन्द्र मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, एमएलसी किरन पाल कश्यप, विधायक अतुल प्रधान समेत अन्य नेताओं ने भी सम्बोधित किया।

ये भी पढ़ें -'भाजपा का प्रत्येक कार्यकता पार्टी को समर्पित', बरेली में बोले स्वतंत्र देव सिंह

संबंधित समाचार