Hamirpur Fire: बिजली के शार्ट सर्किट से किसानों की करीब 100 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

करीब 20 लाख की फसल जलने का अनुमान

हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग हुई आग की घटनाओं में 10 किसानों की करीब 100 बीघा फसल विद्युत के शार्ट सर्किट से जलकर खाक हो गई। इससे किसानों में कोहराम मचा है। सर्वाधिक नुकसान टेढ़ा गांव में हुआ है। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने पर किसानों में आक्रोश नजर आया।

मंगलवार को किसानों के साथ बिजली के शार्ट सर्किट ने अमंगल कर दिया। टेढा गांव में करीब 3 बजे बिजली के शार्ट सर्किट से पचखुरा हार में टेढ़ा निवासी किसान झंडू सिंह चंदेल की 15 बीघा, हरचरण सिंह की 27 बीघा, रामआसरे तिवारी की 25 बीघा, झंडू साहू की पांच बीघा, विनोद कुमार की 5 बीघा, महेश साहू की 5 बीघा, सुरेश साहू की 5 बीघा, गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। 

फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने के कारण किसानों में आक्रोश नजर आया। सूचना पाकर थाना पुलिस एंबुलेंस एवं फायर दस्ते को साथ लेकर पहुंची और आग पर काबू पाया। तब तक 86 बीघा की फसल जल चुकी थी। दूसरी घटना दोपहर करीब 12 बजे चंदौखी गांव में हुई। यहां के निवासी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के खेत में शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

तीसरी घटना कस्बे में सोमवार रात करीब 10.30 बजे ऊंछा थोक निवासी अखिलेश तिवारी के नलकूप में हुई। यहां रंजिश के चलते अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिडककर चना की फसल में आग लगा दी। इससे करीब तीन बीघा चना की फसल जलकर खाक हो गई। पीड़ित किसान ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। आग की घटनाओं से किसानों में हड़कंप मच गया है। आग से करीब किसानों को 20 लाख की क्षति होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- फतेहपुर में दो मंदिरों में अराजक तत्वों ने तोड़ी मां दुर्गा की मूर्तियां; ग्रामीणों में आक्रोश

 

संबंधित समाचार