Farrukhabad: डॉ. नवल किशोर पर लगी इंडिया गठबंधन की मुहर; बोले- बड़े भाई सलमान खुर्शीद ने भी दिया आशीर्वाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रत्याशी को जिताने का किया गया आह्वान

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। डॉ. नवल किशोर शाक्य पर इंडिया गठबंधन प्रत्याशी की मुहर लग गई है। बुधवार को केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर आयोजित इंडिया गठबंधन की संयुक्त पत्रकार वार्ता में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने एक स्वर से गठबंधन प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का आह्वान किया। 

जसमई स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय में इंडिया गठबंधन की संयुक्त पत्रकार वार्ता में आप, कांग्रेस, सपा व महानदल समेत कई दलों के नेताओं ने प्रतिभाग किया। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे वादों में अब नहीं आएगी। आप जिलाध्यक्ष नीरज प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ईडी का डर दिखाकर राजनीति करने पर अमादा है। 

कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी अनूप वर्मा ने कहा कि इंडिया गठबंधन दमदारी से डॉ. नवल किशोर शाक्य को चुनाव लड़ाएगा। एक सवाल के जवाब में प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद उनके बड़े भाई हैं। उनसे भेंटकर वह आशीर्वाद भी ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर जनता का आशीर्वाद मिला तो वह जनपद में सबसे पहले रोजगार के साधन उपलब्ध कराएंगे। 

23 साल से बंद पड़ी कंपिल कताई मिल चालू कराने का प्रयास करेंगे। सांसद का मिलने वाला वेतन गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करुंगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मनोज गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, विवेक यादव, नदीम अहमद फारुकी, इलियास मंसूरी, महान दल जिलाध्यक्ष कैप्टन प्रभात वर्मा, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य व पूर्व प्रधान मिथुन शाक्य आदि रहे।

यह भी पढ़ें- Farrukhabad: इंडिया गठबंधन केंद्रीय चुनाव कार्यालय में दो पक्ष आपस में भिड़े, जमकर हुई मारपीट, चलीं कुर्सियां

 

संबंधित समाचार