काशीपुर: चुनावी ड्यूटी में अफसर, काम नहीं होने से जनता परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। अफसरों व कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील, नगर निगम के अधिकांश कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगा दी गई है। इससे प्रमाण पत्र बनवाने दूरदराज से पहुंचने वाले लोग मायूस होकर लौट रहे हैं।

19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के तहत मतदान होगा। इसके लिए सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार को राम नवमी में भी कर्मचारी मतदान बूथों पर ड्यूटी करते नजर आए। लेकिन चुनावी माहौल में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कचनाल गांजी की निर्मला देवी, रम्पुरा की कमला, गौशाला के विवेक सिंह, कृपाल सिंह ने बताया कि उनका आय प्रमाण पत्र बनना है। वे रोजाना तहसील आ रहे हैं, लेकिन संबंधित कर्मचारियों के नहीं मिलने से प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। वहीं नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी भी चुनाव में लगाई गई है। इससे निगम में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोग बैरंग लौट रहे हैं। बताया कि कई ऑफिसों में अधिकारी तक नहीं मिलते हैं। इससे ऑफिस बंद दिखाई देते हैं।

शिक्षा व्यवस्था भी हुई चौपट
काशीपुर। बीईओ धीरेंद्र कुमार शाहू ने बताया कि 80 प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है। बताया कि इससे पठन पाठन का कार्य प्रभावित हो रहा है। बताया कि सुबह शिक्षक चुनाव ड्यूटी में निकल जाते हैं। ऐसे में स्कूल में तैनात एक या दो शिक्षक ही पूरे बच्चों को पढ़ाने का प्रयास करते हैं।

चुनाव व चैती मेले की जिम्मेदारी भी चुनौती
चुनाव ड्यूटी के साथ ही प्रशासनिक, पुलिस व नगर निगम के अधिकारी चैती मेले की भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एसडीएम खुद मेले में नजर बनाए हुए हैं। वहीं नगर निगम के नगर आयुक्त विवेक राय भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकांश कर्मचारी की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है।

चुनाव में अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। समय निकाल कर लोगों की समस्याओं को दूर करने को कहा गया है। मेले में भी लोगों की सुरक्षा व सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। चुनाव के बाद लंबित कार्य जल्द निपटाए जाएंगे।
-अभय प्रताप सिंह, एसडीएम।

संबंधित समाचार