Moradabad: रैन बसेरों पर सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर...शिकायत के बाद लिया फैसला
कांठ, अमृत विचार। बेसहारा व निराश्रितों के लिए बनाए गए रैन बसेरों में अब कागजी व्यवस्था का खेल नहीं चलेगा। सरकार ने शिकायतों को देखते हुए रैन बसेरों की सुविधाओं पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखने का फैसला किया गया है। सरकार ने सभी डीएम और नगर निकायों को तत्काल रैन बसेरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
हर साल ठंड में सरकार की ओर से शहरी व ग्रामीण इलाकों में रैन बसेरे बनाए जाते हैं। इसमें रहने वाले लोगों के लिए साफ-सुथरे बिस्तर, शौचालय, पेयजल, कंबल, गरम पानी, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा आदि की सुविधाएं दी जाती हैं। इसके लिए बजट भी खर्च भी होता है। फिर भी सुविधाओं के नाम पर खानापूर्ति करने की शिकायतें आती रहती हैं। इसे देखते हुए सरकार ने सख्ती के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय निकाय निदेशक अनुज कुमार झा ने इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश भेज दिया है। इसमें उन्होंने रैनबसेरों में बेड शीट व कंबल आदि की सफाई व धुलाई नियमित रूप से करने के निर्देश हैं। सुविधाओं की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। इसके सहारे गड़बड़ी होने पर खामियों को तुरंत ठीक कराया जाएगा। सभी रैन बसेरों में केयर टेकर भी तैनात किए जाएंगे और उनका नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर रैन बसेरे के गेट पर लगाया जाएगा।
