गोंडा: सूखे पेड़ की डाल गिरने से बाइक पर सवार युवक की मौत

गोंडा: सूखे पेड़ की डाल गिरने से बाइक पर सवार युवक की मौत

खरगूपुर/गोंडा, अमृत विचार। सूखे पेड़ की डाल गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई‌। युवक बाइक पर पीछे बैठा हुआ था। बाइक से तीन लोग एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ग्राम राजापुरवा विशेश्वरगंज के चंद्र प्रकाश कश्यप (42), महेश कुमार व किशोरी निवासी कहारनपुरवा रनियापुर थाना विशेश्वरगंज बहराइच खरगूपुर थाना क्षेत्र के संझवल गांव के लिए निकले थे।

महेश बाइक चला रहा था। बीच में किशोरी और चंद्रप्रकाश बाइक पर पीछे बैठा हुआ था। सभी लोग भवनियापुर चौराहा से आगे महादेवा कला गांव के पास पहुंचे। तभी सड़क के किनारे बाईं तरफ लगे आम के सूखे पेड़ की एक डाल टूटकर चंद्र प्रकाश के ऊपर आ गिरी। डाल गिरने से चंद्र प्रकाश घायल हो गया। वहीं दो अन्य लोग बाल बाल बच गए। करीब डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर आई। तब तक घायल चंद्र प्रकाश की अधिक चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई‌। बताया जाता है कि आम का पेड़ काफी पहले सूख गया था। 

पेड़ की मोटी डाल को चोरी से पेड़ काटने वालों का गिरोह बराबर एक-एक डाल काटकर चोरी कर ले जा रहा था। उक्त डाल पूरी तरह से कट नहीं सकी थी। तेज हवा चलने से अचानक सूखे पेड़ की आधी कटी डाल बाइक सवार के ऊपर गिर गई। 

चौकी इंचार्ज जानकीनगर चंद्र सेन वर्मा ने बताया कि पेड़ के डाल को हटवा कर रास्ता खाली करा दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। एक युवक के मौत होने की सूचना मिली है। वहीं दो अन्य लोगों को जरा  भी खरोच नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:-साथ जी न सके तो क्या...मरना ही कबूल, बाराबंकी में ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी युगल ने दी जान, इस वजह से था जुदाई का डर