चिराग की मां के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल पर भड़की भाजपा, कहा- इस मामले पर संज्ञान ले चुनाव आयोग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की हाल की एक सार्वजनिक सभा में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान की मां एवं दिवंगत रामविलास पासवान की पत्नी के खिलाफ हुए अपशब्दों के इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए। 

उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को यहां कहा कि  चिराग पासवान की मां के खिलाफ जिस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है, वह राजद की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने इस मुद्दे पर विपक्षी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के स्पष्टीकरण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके शब्द और कार्य स्वयं विरोधाभासी हैं। 

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह राजद का जंगलराज था जिसने युवाओं को पलायन और उद्योग-धंधों को बंद करने के लिए मजबूर किया। अब राजद नेताओं की भाषा इतने निचले स्तर पर आ गयी है कि वे सम्मानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और आरोप लगाया कि सत्ता की राजनीति में भाषा का स्तर लगातार गिर रहा है। 

उन्होंने इस तरह के कृत्य की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि जिस तरह से राजद द्वारा  चिराग पासवान की मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया वह "शर्मनाक" है। ऐसे तत्वों को कभी भी बख्शा नहीं जाएगा और भाजपा इसकी पूरी जांच की मांग के साथ चुनाव आयोग के समक्ष इसकी औपचारिक शिकायत करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसी भाषा कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि जमुई में एक जनसभा में राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के संबोधन के दौरान कुछ राजद नेता या पार्टी कार्यकर्ता ने  चिराग पासवान की मां के खिलाफ अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कल 102 सीटों पर होगा मतदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संबंधित समाचार