शाहजहांपुर: सुहागरात पर दुल्हन करती रही इंतजार...सुबह होते ही लोगों के उड़ गए होश, पति की सूचना मिलते ही खुशियां मातम में बदलीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

19 अप्रैल को दुल्हन ब्याह कर लौटा था अवधेश, 20 अप्रैल को गांव के बाहर फंदे पर लटका मिला शव

जैतीपुर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। सेज पर दुल्हन पति का इंतजार करते-करते सो गई, सुबह हुई तो उसकी मौत की खबर से पूरे घर में कोहराम मच गया। एक दिन पहले जिस घर में दुल्हन के आने की खुशी में मंगलगीत गाए जा रहे थे, शनिवार को उस घर में रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रहीं थीं। 

थाना जैतीपुर के गांव गौहापुर निवासी रामनाथ के बेटे 20 वर्षीय अवधेश कुमार की शादी तिलहर क्षेत्र में एक लड़की से तय हुई थी। 18 अप्रैल को सिर पर पगड़ी बांधे दूल्हे के रूप में सजा अवधेश गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर लड़की के दरवाजे पर पहुंचा। जहां द्वारचार के बाद शादी की रस्में पूरी की गईं। भांवरे पड़ने के बाद अवधेश दुल्हन को 19 अप्रैल को विदा कराकर ले आया। घर वालों ने दुल्हन का दरवाजे पर स्वागत किया। दुल्हन के आने की खुशी में मंगलगीत गाए गए है। हर तरफ खुशी का माहौल था।

देर रात मंगलगीत बंद हुए तो परिवार के सभी लोग सो गए। सेज पर दुल्हन भी पति का इंतजार करते-करते सो गई। सुबह गांव के बाहर बाग में अवधेश कुमार का पेड़ से शव फंदे पर लटका हुआ मिला। गांव वालों की सूचना पर परिवार वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिवार की महिलाएं जो रात मंगलगीत गाकर सोई थीं, सुबह अवधेश की मौत की खबर सुनते ही रोने-बिलखने लगीं। शादी की खुशी वाले घर में एकाएक कोहराम से गांव के लोग भी सन्न रह गए। अब गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और अवधेश के परिजन बिलख रहे हैं। घूंघट की ओट में मुंह छिपाए नई नवेली दुल्हन भी पति की मौत पर बिलाप कर रही है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: काश! किसी ने उन्हें पटरी पर जाने से रोक लिया होता...मंगेतर पिता व अन्य परिजनों के साथ पहुंची खनपुरा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज