बाराबंकी: रामनगर के राजा रत्नाकर सिंह का निधन, क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर

बाराबंकी: रामनगर के राजा रत्नाकर सिंह का निधन, क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर

बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर (धमेड़ी) स्टेट के राजा और समाजसेवी कुंवर रत्नाकर सिंह का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनका दाह संस्कार पैतृक नगर रामनगर में दोपहर के बाद किया जाएगा। वहीं राजा रत्नाकर सिंह के निधन की खबर सुनकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। रामनगर स्टेट में जनता आखिरी दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया है। जहां लोग पहुंच रहे हैं।

राजकुमार रत्नाकर सिंह बहुत ही सरल स्वभाव व सज्जन व्यक्ति थे। वह गरीबों की मदद के लिए हर समय तैयार रहते थे। रामनगर में दशहरे से लेकर अनेक कार्यक्रमों में भाग लेते थे। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के प्रदेश सचिव रहकर गांव से लेकर देश के हित में उन्होंने अनेक कार्य किया। जिनकी प्रशंसा लोग आज भी करते हैं।

रामनगर स्टेट के राजघराने का परिवार नगर पंचायत के निवासियों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलता था। नगर के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक इस परिवार के लोगों की प्रशंसा करते हैं। क्योंकि इस परिवार ने क्षेत्र में कभी किसी का नुकसान नहीं होने दिया। आज भी इन्हीं के परिवार के द्वारा बहुत बड़ी बाजार लगवाई जाती है। इस बाजार में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से भी काफी संख्या में लोग अपने सामान को बेचने व खरीदारी करने आते हैं। राजा रत्नाकर सिंह की मृत्यु से जनमानस को बड़ा ही आघात पहुंचा है। क्षेत्र में सभी लोग उनके आखिरी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- UP Board Result 2024: कैदियों ने भी बिखेरा जलवा, दो बंदियों ने 89 फीसदी से पाये अधिक अंक, 94 ने फर्स्ट डिवीजन में पास की परीक्षा