बाराबंकी: इस लोकसभा चुनाव में एकदम अलग होगा नामांकन स्थल, पहली बार दिखेगा ऐसा नजारा, जानें क्या-क्या रहेगा खास

बाराबंकी: इस लोकसभा चुनाव में एकदम अलग होगा नामांकन स्थल, पहली बार दिखेगा ऐसा नजारा, जानें क्या-क्या रहेगा खास

बाराबंकी,अमृत विचार। लोकतंत्र के महापर्व में इस बार नामांकन स्थल कुछ अलग ही नजर आएगा। मुख्य गेट से ADM न्यायालय परिसर तक पूरा कैंपस तिरंगे के रंग में रंगा रहेगा। इसकी तैयारी भी मंगलवार से शुरु हो गई है। उप जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट की देखरेख पहली बार कुछ अलग दिखने वाला नामांकन स्थल जहां एक नई पहचान बनाएगा वहीं यहां लगने वाले बैनर व पोस्टर मतदान के प्रति लोगों में अलख जगाएंगे। वहीं नामांकन स्थल के चारों ओर दो सौ मीटर की रेंज में करीब आधा दर्जन से अधिक जगहों पर बैरीकेडिंग की जाएगी। यहां पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती रहेगी। 

पांचवें चरण में होने वाले मतदान को लेकर शुक्रवार यानी 26 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। इस बार नामांकन स्थल अपर जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष को बनाया गया है। प्रत्याशी पुलिस अधीक्षक आवास के रास्ते कलेक्ट्रेट के पीछे वाले गेट से दाखिल होंगे। और सीधे एडीएम न्यायालय में बन रहे नामांकन कक्ष में पर्चा दाखिल करेंगे। इस बार नामांकन स्थल को पहले अन्य चुनावों से हट कर तैयार किया जा रहा है। नामांकन कक्ष समेत आसपास के परिसर को तिरंगें के रंग में रंगा जा रहा है। सीधे तौर पर कहें तो तिरंगे के रंग में छावं के लिए पर्दें, छत, बैनर आदि बनाएं जाएंगे। वहीं न्यायालय कक्ष के दरवाजे को भी लाल,हरा व केसरियां रंग के फूलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा न्यायालय कक्ष के अंदर का भी नजारा तिरंगे के रंगों में नजर आएगा। इसके अलावा नामांकन कक्ष के अंदर व बाहर मतदाता जागरुकता को लेकर स्लोगन लिखे बैनर व पोस्टर आदि लगाए जाएंगे। पीने के लिए ठंडा पानी आदि भी व्यवस्था की जा रही है।  नामांकन को लेकर मंगलवार से तैयारियों का दौर शुरू हो गया। जो 25 अप्रैल की देर शाम तक पूरा हो जाएगा।

मधुमक्खी देगी वोट करने का सन्देश

माॅडल के रुप में तैयार हो रहे नामांकन स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा जारी किए  मधुमक्खी का लोगो भी लगाया जाएगा। जो लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के प्रति जागरुक करेगा। इसके अलावा कई अन्य जागरुकता वाले बैनर व पोस्टर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा दीवारों पर छोड़ो अपने सारे काम, सबसे पहले करो मतदान जैसे स्लोगन भी लिखाए जाएंगे। इस नामांकन स्थल को मॉडल का रुप दिया जा रहा है।


आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर होगी बेरिकेडिंग

नामांकन के दौरान आचार संहिता का पालन कराने के साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर बेरिकेडिंग की जाएगी। इसकी शुरुआत रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग से होगी। इसके बाद एंथोनी स्कूल, गन्ना कार्यालय के पास भी बेरिकेडिंग की जाएगी ताकि वाहनों को गन्ना कार्यालय परिसर में बनने वाले  पॉर्किंग स्थल पर रोका जा सके। इसके बाद लल्लाजी पार्क, एसपी आवास, एडीएम कार्यालय जाने वाला मुख्य गेट आदि के अलावा ओबरी जाने वाले मार्ग पर भी बेरिकेडिंग रहेगी। इन सभी स्थलों पर  पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।

नामांकन स्थल मॉडल के रुप में तैयार किया जा रहा है। तिरंगे की थीम पर इसे सजाया जाएगा। इसके अलावा मतदाता जागरुकता के लिए यहां बैनर, पोस्टर व स्लोगन आदि लगाए जाएंगे। इस बार का नामांकन स्थल कुछ अलग दिखेगा। बेहतरीन सजावट के साथ ही यहां लोगों के बैठने की भी व्यवस्था रहेगी।

यह भी पढ़े : इस 3 ट्रिक से आपका फ़ोन आपको पूरी रात जगाए नहीं रखेगा