मुरादाबाद: छेड़छाड़ का विरोध करने पर बहनों को सड़क पर गिराकर पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करना दो सगी बहनों को भारी पड़ा। गाली-गलौज करने के बाद महिलाओं और युवकों ने दोनों बहनों को बीच सड़क पर गिराकर पीटा। ईंटों से हमला कर दिया। बहनों को इस कदर मारा कि उनके कपड़े फट गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की हिम्मत दिखाई …

मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करना दो सगी बहनों को भारी पड़ा। गाली-गलौज करने के बाद महिलाओं और युवकों ने दोनों बहनों को बीच सड़क पर गिराकर पीटा। ईंटों से हमला कर दिया। बहनों को इस कदर मारा कि उनके कपड़े फट गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की हिम्मत दिखाई तो हमलावर उनसे भी भिड़ गए।

बाल पकड़कर दोनों बहनों को सड़क पर भी घसीटा गया। किसी तहर क्षेत्रीय लोगों ने बीच-बचाव कराया। हद तब हो गई जब बहनें शिकायत करने थाने पहुंचीं तो पुलिस ने भी उन्हें टरका दिया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। दोनों बहनों ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की है, वहीं परिजनों ने उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

मामला मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद का है, यहां पर रहने वाली दो बहनें सोनी और रीनू कुमारी बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। दोनों ने दबंगई की जो दास्तां सुनाई वह काफी हैरानी भरी थी। बहनों ने बताया कि वह अपने भाई के साथ नए मुरादाबाद में रहती हैं। बहनों के अनुसार उनका भाई किसी काम से मंगलवार को अपने गांव गया था। एक बहन आफिस भी गई थी और दूसरी घर पर थी।

बताते हैं कि मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोग घर पर मौजूद बहन रीनू के साथ अभद्रता करने के साथ ही गालियां देने लगे। उसने विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने पर आमादा हो गए। मामला बिगड़ने पर वह अंदर चली गई और सोनी को फोन करके बुलाया। घर आकर बहनों ने पुलिस को फोन किया तो दारोगा ने दो घंटे बाद आने की बात कही।

थाने जाते समय रास्ते में रोका, जमकर पीटा
बहनों के अनुसार करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी पुलिस कर्मी नहीं आए तो दोनों बहनें स्कूटी से थाने जाने लगीं। आरोप है कि रास्ते में फिर आरोपियों ने उनको रोककर गालियां देनी शुरू कर दीं। उन्होंने विरोध किया तो दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों बहनों को सड़क पर गिराकर कुछ महिलाओं और युवकों ने बुरी तरह से पीटा।

बोली पुलिस, आपस में कर लो समझौता
बहनों का कहना है कि पिटाई के बाद दोनों बहनें पुलिस के पास पहुंची। इस दौरान आरोपी भी आ गए। जहां पुलिस वालों ने भी कोई सुनवाई नहीं की। उल्टा नौकरी छूट जाने का डर बताते हुए समझौता का सुझाव देने लगे। बहनें जब रिपोर्ट दर्ज कराने पर आमादा हो गईं तो पुलिस वालों ने हड़काकर भगा दिया। दोनों बहनों ने एसएसपी को पत्र देकर मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है। एसएसपी ने मझोला थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।

संबंधित समाचार