IPL 2023 : जेक फ्रेजर-मैकगर्क की आंधी, दिल्ली ने मुंबई को दिया 258 रन का टारगेट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। जेक फ्रेजर-मैकगर्क की 27 गेंद में 84 रन की आतिशी पारी की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में शनिवार को चार विकेट पर 257 रन बनाये । पिछले चार में से तीन मैच जीतकर छठे स्थान पर पहुंची दिल्ली को आस्ट्रेलिया के 22 वर्ष के बल्लेबाज मैकगुर्क ने बेहतरीन शुरूआत दी और पहले विकेट के लिये अभिषेक पोरेल के साथ 44 गेंद में 114 रन जोड़े । उन्होंने आईपीएल में इस सत्र में सबसे तेज अर्धशतक के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए सिर्फ 15 गेंद में पचासा जड़ा ।

इससे पहले उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अरूण जेटली स्टेडियम पर ही 15 गेंद में अर्धशतक बनाया था । मैकगुर्क 27 गेंद में 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए । दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए सिर्फ 25 गेंद में नाबाद 48 रन बनाये जिसमें ल्यूक वुड को 18वें ओवर में जड़े पांच चौके और एक छक्का शामिल था । उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये ।

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई दिल्ली ने पहले ही ओवर में तेवर जाहिर कर दिये थे जब ल्यूक वुड को जैक ने तीन चौके और एक छक्का जड़ा । दूसरे ओवर में आये जसप्रीत बुमराह को भी उन्होंने नहीं बख्शा और पहली गेंद पर लांग आन में छक्का, दूसरी पर मिडआन में चौका तथा छठी गेंद पर मिडविकेट में चौके समेत 18 रन निकाले । इस सत्र में शानदार फॉर्म में दिख रहे बुमराह का यह सबसे महंगा ओवर रहा । तीसरे ओवर में नुवान तुषारा को पोरेल ने मिडआफ पर चौका जड़ा । इसके बाद मैकगुर्क ने कवर्स, फाइन लेग और स्ट्रेट में तीन चौके लगाकर रनगति को तूफानी गति से बढाये रखा।

उन्होंने अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला के अगले ओवर में छक्का लगाया और इसी ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया । पांचवें ओवर में मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या गेंदबाजी के लिये आये तो मैदान पर ‘रोहित रोहित’ का शोर गूंजने लगा । खराब फॉर्म में चल रहे हार्दिक ने अपने पहले ही ओवर में 20 रन लुटाये और मैकगुर्क ने उन्हें दो छक्के तथा दो चौके जड़ डाले । बुमराह ने छठे ओवर में दबाव कुछ कम करने की कोशिश करते हुए सिर्फ तीन रन दिये । दिल्ली ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 92 रन बनाये । हार्दिक को सातवें ओवर में पोरेल ने नसीहत दी और दो चौके तथा दो छक्कों समेत 21 रन निकाले ।

खतरनाक हो चुकी इस साझेदारी को आखिरकार आठवें ओवर में चावला ने तोड़ा जब उनकी गेंद पर मैकगुर्क ने मिडविकेट में मोहम्मद नबी को कैच थमाया । वहीं पोरेल भी दसवें ओवर में नबी का शिकार हुए और आगे बढकर खेलने के प्रयास में ईशान किशन की चुस्त स्टम्पिंग पर विकेट गंवा बैठे । उन्होंने 27 गेंद में 36 रन बनाये जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था । दोनों जमे हुए बल्लेबाजों के आउट होने के बाद शाई होप ने जिम्मा संभाला और अगले ओवर में चावला को लांग आन पर छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की । उन्होंने 12वें ओवर में नबी को भी दो छक्के लगाये ।

बेहतरीन फॉर्म में चल रहे दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने नुवान तुषारा को अगले ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़कर दर्शकों को खुश कर दिया। वुड को दूसरे स्पैल में पहली दो गेंद पर होप ने छक्के जड़े लेकिन तीसरा छक्का लगाने के प्रयास में डीप मिडविकेट सीमारेखा के सामने तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। उन्होंने 17 गेंद में पांच छक्कों की मदद से 41 रन बनाये । पंत 19 गेंउ में 29 रन बनाकर आउट हुए जिन्हें बुमराह ने रोहित शर्मा के हाथों लपकवाया। मुंबई के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए । वुड ने 17 की इकॉनामी रेट से तो नुवान तुषारा ने 14 रन प्रति ओवर की दर से रन दिये ।सबसे महंगे हार्दिक रहे जिन्होंने दो ओवर में 41 रन दिए।  

मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 43वें मुकाबले में टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। अरुण जेटली स्टेडियम की छोटी बाउंड्री को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी हालांकि कप्तान हार्दिक ने क्षेत्ररक्षण के अपने फैसले को सही ठहराते हुये कहा “ ग्राउंड छोटा है और वह बाद में चेज़ करना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि टीम में माहौल अच्छा है और उनकी टीम को बस बेसिक चीज़ों पर ध्यान देने की ज़रूरत है और उनकी टीम अपने ब्रांड की क्रिकेट खेलेगी। उन्होने बताया कि कट्ज़ी की जगह ल्यूक वुड आज खेल रहे हैं।

उधर दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा “ टॉस जीतने पर वह पहले बल्लेबाज़ी ही करते क्योंकि पिच बाद में स्लो होगी।” पंत ने कहा कि स्पिनर्स अच्छा कर रहे हैं और नई गेंद के साथ और डेथ में गेंदबाजी करने में काफ़ी अंतर होता है। उन्होंने कहा कि तेज़ गेंदबाज़ी डिपार्टमेंट में सुधार करना ज़रूरी है। दिल्ली की टीम में दो बदलाव किये गये है। पृथ्वी शॉ की जगह कुमार कुशाग्र को मौक़ा दिया गया है जबकि लिज़ाड विलियम्स को इशांत शर्मा से डेब्यू कैप मिली है।

दिल्ली के लिये अपने घरेलू मैदान पर मुबंई से इसी सत्र में मिली हार का बदला लेने का भरपूर मौका होगा। दिल्ली ने अपने पिछले मैच में गुजरात जायंट्स के खिलाफ चार रन से सनसनीखेज जीत दर्ज की थी वहीं पिछले मैच में राजस्थान राजल्स से बुरी तरह पिट कर दिल्ली आने वाली हार्दिक पांड्या की टीम अपनी साख बचाने के लिये मैदान पर उतरेगी।

टीम इस प्रकार हैं:

मुंबई : रोहित शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, नेहाल वढेरा, हार्दिक पांड्या, टिम डेविड, मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा। इंपैक्ट सब : सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, डेवाल्ड ब्रेविस, शम्स मुलानी और कुमार कार्तिकेय।

दिल्ली : जैक फ्रेज़र मकगर्क, कुमार कुशाग्र, शे होप, ऋषभ पंत, ट्रिसटन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, लिज़ाड विलियम्स, मुकेश कुमार, खलील अहमद। इंपैक्ट सब : रसिख सलाम, प्रवीण दुबे, विकी ओस्तवाल, रिकी भुई, सुमित कुमार। 

ये भी पढ़ें : T20 World Cup 2024 : जहीर खान ने चुनी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम, इस खिलाड़ी को शामिल कर चौंकाया

संबंधित समाचार