लखीमपुर-खीरी: दिव्यांग महिला को धमकाकर पांच महीने से कर रहा दुष्कर्म, पीड़िता ने रो-रोकर एसपी से लगाई न्याय की गुहार

लखीमपुर-खीरी: दिव्यांग महिला को धमकाकर पांच महीने से कर रहा दुष्कर्म, पीड़िता ने रो-रोकर एसपी से लगाई न्याय की गुहार

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। महिला अपराधों को दर्ज न करने और कार्रवाई करने में हीलाहवाली को लेकर लखीमपुर खीरी पुलिस एक बार फिर कठघरे में खड़ी हो गई है। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र की एक दिव्यांग महिला ने गांव के ही युवक पर नहाते समय अश्लील वीडियो बनाकर पांच महीने से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। 

उसका कहना है कि सात अप्रैल को उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस उसे आजकल करती टरकाती रही। रविवार को पुलिस ने उसे थाने बुलाया, जब वह पहुंची तो उस पर तहरीर बदलवाने का दबाव बनाने लगी। पीड़िता सोमवार को एसपी से मिली और रो-रोकर आप बीती बताई। साथ ही कार्रवाई की मांग की। एसपी ने सीओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

थाना फूलबेहड़ की एक दिव्यांग महिला परिवार वालों के साथ सोमवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा से मिली। महिला ने एसपी को तहरीर देकर बताया कि उसका घर खरफूस से बना है। खरफूस की टटिया लगाकर बनाए गए अपने बाथरूम में 12 दिसंबर 2023 को स्नान कर रही थी। इसी बीच गांव के ही उत्तम ने चोरी से उसका नहाते हुए अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में उसे वीडियो दिखाया। 

उसने जब वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके सामने शर्त रख दी। अगले दिन आरोपी ने शाम करीब आठ बजे घर क बगल वाली गली में बुलाया और जबरन दुष्कर्म किया। धमकी देते हुए कहा कि अगर कहीं शिकायत की तो वीडियो वायरल कर देंगे। उसे और उसके पति को जान से मार देंगे। इससे  वह सहम गई। 

इसका फायदा उठाते हुए आरोपी तब से उसका लगातार शारीरिक शोषण करता चला आ रहा है। उसने जब भी घटना का विरोध किया तो उसके साथ अश्लील बातें कीं और वॉयस रिकार्डिंग कर पति व अन्य रिश्तेदारो के फोन भेज रहा है। इससे वह और उसके पति भयभीत हैं। महिला का कहना है कि आरोपी दबंग किस्म का है। 

आरोपी की हरकतों से परेशान होकर वह अपने पति के साथ 07 अप्रैल 24 को थाना फूलबेहड़ गई और आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस जांच की बात कह आज कल करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने से कतराती रही। इस पर वह 14 अप्रैल को सीओ से मिली और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

मारपीट कर पुलिस ने सादे कागज पर लगवाया अंगूठा
दुष्कर्म पीड़ित दिव्यांग महिला ने बताया कि सीओ के निर्देश पर थाना फूलबेहड़ पुलिस ने उसे रविवार को थाने पर बुलाया था। जब वह अपने पति के साथ थाने गई तो पुलिस उस पर तहरीर बदलने का दबाव बनाने लगी। उसने तहरीर बदलने से मना कर दिया और विरोध किया तो पुलिस वालों ने उसे और उसके पति को मारा-पीटा। उसके जबरन सादे कागज पर दस्तखत करवा लिए और धक्का देकर भगा दिया। पति को जेल भेजने की धमकी दी, जिससे वह और उसका परिवार डरा सहमा है।

पीड़ित महिला आई थी। उसने पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके प्रार्थना पत्र की जांच सीओ धौरहरा से कराई जा रही है। साथ ही दुष्कर्म मामले में कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। जांच में यदि पुलिस पर लगे आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों पर कार्रवाई होगी।-गणेश प्रसाद साहा, एसपी

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: उधार दिए पैसे न मिलने से परेशान महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या