शाहजहांपुर: राष्ट्रीय गौ रक्षक संघ ने किया प्रदर्शन, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
रामचंद्र मिशन क्षेत्र में हुए जानलेवा हमला के मामले में गिरफ्तारी की मांग
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र मिश्रीपुर में महिला सहित दो लोगों की गैर समुदाय के लोगों से मारपीट की घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय गौ रक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री राजेश अवस्थी ने पीड़ितजनों के साथ खिरनीबाग चौराहे पर प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदेश महामंत्री राजेश अवस्थी के नेतृत्व में दर्जनों दल के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट पर एकत्र हुए और जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए खिरनीबाग चौराहे पर पहुंचे जहां उन्होंने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट दुर्गेश यादव को जिलाधिकारी के नाम संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक दबंग ने अपने अपने गुर्गों की मदद से घर में बंद करके महिला व उसके पति के साथ मारपीट व लूटपाट कर महिला के साथ बदसलूकी की।

आरोप हैं कि रामचंद्र मिशन पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई है। जब कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूरन जाम लगाकर प्रदर्शन किया तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। तीन आरोपी को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है, जिससे पीड़ित परिवार जान का खतरा बना हुआ है। मांगपत्र में मांग की गई कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर गैंगस्टर व रासुका लगाई जाये, थाने में तैनात दरोगा शिवम् यादव की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाये।
प्रदर्शन करने वालों में पीड़ित परिवार के रामदेव पांडे, सत्यदेव पांडे, शिवम् पांडे, अखिलेश पांडे, दिनेश कुमार त्रिपाठी, शैलेश, विमलेश के अलावा अनीस खां, राजेन्द्र पटवा, अंकुर शुक्ला, गोविन्द मिश्रा, गौरव शुक्ला, शोभित गुप्ता, विवेक मिश्रा, जगवीर, मदनलाल, अनुज द्विवेदी, सोवेन्द्र सिंह, दिव्यांशु बाजपेई आदि मौजूद थे।
ये भी पढ़ें-
