पीलीभीत: टंकी से निकले कीड़े गंदगी हैरत में पड़ गए शहरवासी, नगर पालिका टीम को झेलना पड़ा आक्रोश
पीलीभीत, अमृत विचार : नगर पालिका के टैंक से घरों में आने वाला पानी दरअसल शुद्ध नहीं बल्कि संक्रामक बीमारियों को बढ़ाने का जनक है। जिसे पीने से लोगों के शरीर में बीमारियां हो रही हैं। शुक्रवार को वार्ड नंबर चार मोहल्ला देशनगर से एक ऐसा ही मामला सामने आया। घर में लगी नगरपालिका की पानी की टंकी से गंदगी के साथ कीड़े निकले। जिस पर मकान स्वामी ने पानी बोतल में भरने के बाद विरोध किया। पीने के पानी में कीड़े देखकर लोग हैरत में पड़ गए।
परिवार ने इस मामले में नगरपालिका के अधिकारियों से शिकायत की। जिसके बाद मौके पर पहुंची नगर पालिका टीम ने जानकारी करने के बाद ये कहकर लाइन लीकेज होने की बात कहकर साख बचाई। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कहीं पर भी लाइन लीकेज नहीं है। पानी में कीड़े आने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों और सभासद राजेंद्र भारती की मानें तो गंदे पानी की समस्या करीब एक माह से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे पहले भी कीड़े और गंदगी निकल चुकी है। मगर कोई देखने के लिए नहीं आया। शुक्रवार को दोबारा से पानी में गंदगी और कीड़े आने पर मोहल्लेवासियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
जलकल प्रभारी तारिक हसन खां टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्हें गुस्साए लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्होंने वहां पर लाइन का कुछ हिस्सा चेंज कराया। जलकल प्रभारी तारिक के अनुसार मोहल्ले में कुछ जगह पर लाइन लीकेज हो गई है। जिस वजह से पानी के साथ गदंगी पहुंच रही है। लाइन बदलवा दी गई है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में कोई भी लाइन लीकेज नहीं है। फिलहाल तमाम परिवार पीने के लिए दूसरे स्थानों से पानी की व्यवस्था करने में जुटे रहे।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: नोट गिनते वीडियो वायरल होने पर मुश्किल में पड़े डिप्टी रेंजर, प्रभारी डीएफओ ने मुख्यालय से किया अटैच...जांच के लिए टीम गठित
