Loksabha Election 2024: राधिका खेड़ा ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, बोलीं- लड़की हूं और लड़ सकती हूं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने इस्तीफे बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा,“आज अत्यंत पीड़ा के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता त्याग रही हूं व अपने पद से इस्तीफा दे रही हूं। हां मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं, और वही अब मैं कर रहीं हूं. अपने व देशवासियों के न्याय के लिए मैं निरंतर लड़ती रहूंगी।”

उन्होंने इस संबध में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक पत्र भी लिखा। उन्होंने पत्र में कहा, “मैंने जिस पार्टी को अपने 22 साल से ज्यादा दिए, जहां एनएसयूआई से लेकर एआईसीसी के मीडिया विभाग में पूरी ईमानदारी से काम किया, आज वहां ऐसे तीव्र विरोध का सामना मुझे करना पड़ा है, क्योंकि मैं अयोध्या में रामलला के दर्शन करने से खुद को रोक नहीं पाई। आदिकाल से ये स्थापित सत्य है कि धर्म का साथ देने वालों का विरोध होता रहा है। हिरण्यकशिपु से लेकर रावण और कंस इसका उदाहरण है। वर्तमान में प्रभु श्री राम का नाम लेने वालों का कुछ लोग इसी तरह से विरोध कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा,“ मेरे इस पुनीत कार्य का विरोध इस स्तर तक पहुंच गया कि मेरे साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुए घटनाक्रम में मुझे न्याय देने से इनकार कर दिया गया। मैंने हमेशा ही दूसरों के न्याय के लिए हर मंच से लड़ाई लड़ी है, किंतु जब स्वयं न्याय की बात आई तो पार्टी में मैंने स्वयं को हारा हुआ पाया। प्रभु श्री राम की भक्त और एक महिला होने के नाते मैं बहुत ही आहत हूं। बार-बार पार्टी के समस्त शीर्ष नेताओं को अवगत कराने के बाद भी जब मुझे न्याय नहीं मिला, इससे आहत होकर मैंने यह कदम उठाया है और पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।”

उल्लेखनीय है कि खेड़ा और प्रदेश प्रवक्ता सुशील आनन्द शुक्ला के बीच विवाद कम होने का नाम नही ले रहा था। उन्होंने छत्तीसगढ़ पार्टी इकाई पर अपमान का आरोप लगाने के बाद आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।पिछले हफ्ते प्रदेश कांग्रेस संचार के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और खेड़ा के बीच कुछ बातों को लेकर तीखी बहस हुई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने से खेड़ा राजीव भवन से रोते हुए बाहर निकल गईं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी व्यथा सुनाई। 

ये भी पढे़ं-PM Modi In Etawah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. राम शंकर कठेरिया के समर्थन में कर रहे जनसभा...मंच पर CM Yogi भी मौजूद

संबंधित समाचार