लखीमपुर खीरी: विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, बरामदे में मिला शव...रिपोर्ट दर्ज 

मृतका के मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराली जन फरार 

लखीमपुर खीरी: विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, बरामदे में मिला शव...रिपोर्ट दर्ज 

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र के ग्राम नकटी में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर बरामदे में पड़ा बरामद हुआ है। मृतका के पिता ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस फांसी लगने से मौत होने की आशंका जता रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी के ग्राम पिपरा मुजप्ता निवासी हरीराम ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री मनोरमा का विवाह तीन वर्ष पूर्व पसगवां थाना के गांव नकटी निवासी धनीराम के पुत्र विपिन कुमार के साथ किया था। शादी में मिले दिए दए दान दहेज से मृतका के ससुराल वालें संतुष्ट नहीं थे। दहेज में बाइक और एक लाख रुपए नगद की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच एक पुत्री का जन्म भी हुआ, लेकिन उसका उत्पीड़न कम नहीं हुआ। आरोप है कि शनिवार की रात को उसकी बेटी की मारपीट कर हत्या कर दी और उसका शव बरामदे में छोड़कर ससुराल वाले घर से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता हरीराम ने पुलिस को सूचना दी। 

हरीराम ने बताया कि मनोरमा के पीठ, हाथ और गर्दन में  चोट के निशान थे। उधर पुलिस का कहना है कि मृतका ने फांसी लगाई है।  हालांकि पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर और देवर के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट  दर्ज की है। नायब तहसीलदार ताहिर परवेज मौजूदगी में मृतका के शव का पंचायतनामा भरा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतका के ससुराल वाले मृतका की डेढ़ वर्षीय पुत्री को लेकर फरार हैं।

ये भी पढे़ं-लखीमपुर खीरी :करनपुर और पकरिया गांव में लाखों की चोरी, पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट, जानें पूरा मामला