Hamirpur में पति ने पार की वहशीपन की सारी हदें...पत्नी के सीने में पेचकस से गोदा अपना नाम, प्लास से नोचे नाखून

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में पति ने पार की वहशीपन की सारी हदें

हमीरपुर, सुमेरपुर, अमृत विचार। कालपी थाना क्षेत्र के जोल्हूपुर गांव में एक पति ने वहशीपन की सारी हदें पार कर दीं। तीन मई को उसने पत्नी पत्नी के सीने पर गर्म पेंचकस से अपना नाम गोद दिया और प्लास से उंगलियों के नाखून नोच दिए। पत्नी ने इसकी जानकारी माता-पिता को दी। सूचना पर पहुंचे माता-पिता भाई, युवती को ससुराल से निकालकर व पति एवं ससुर को बंधक बनाकर सुमेरपुर थाने ले आए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बांक गांव निवासी चेतराम कुशवाहा ने अपनी बेटी भगवती (22) का विवाह 17 अप्रैल 2023 को झलोखर में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन से जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र के जोल्हूपुर निवासी लालता प्रसाद कुशवाहा के पुत्र मनोज कुमार (25) के साथ किया था। 

थाने में मौजूद पत्नी ने बताया कि 3 मई को पति ने उसके सीने पर गर्म पेचकस से अपना नाम लिख दिया और प्लास से हाथ की उंगलियों के नाखून नोच दिए। इसके अलावा उसने अन्य शारीरिक यातनाएं भी दीं। उसने घटना की जानकारी पिता को दी। 

चार मई को माता-पिता, भाई अन्य परिजनों के साथ जोल्हूपुर पहुंचे और बेटी की हालत देखकर क्रोध से भर गए। वे लोग बेटी को ससुराल से निकालकर उसे साथ लेकर गांव आए। साथ ही उसके पति एवं उसके ससुर को भी पकड़ लाए। उन्होंने थाने में घटना की तहरीर पुलिस को दी। 

पुलिस ने दोनों पक्षों में पूछताछ के बाद पति को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। पति से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों के मध्य सुलह समझौते की बात हो रही है। समझौता न होने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Kanpur: छात्र को बेरहमी से पीटा...प्राइवेट पार्ट में ईंटा बांधकर लटकाया, चेहरा आग से जलाया, VIDEO वायरल

संबंधित समाचार