पूंजीपतियों को ही बढ़ाने का काम कर रही भाजपा सरकार :अरविन्द सिंह गोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने रविवार को नगर पंचायत जैदपुर में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। यह सभा जैदपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन रियाज अहमद द्वारा आयोजित की गई थी। जनसभा को संबोधित करते हुए गोप ने आगे कहा कि जबसे भाजपा सरकार आई है, तब से सिर्फ पूंजीपतियों को ही बढ़ाने का काम कर रही है। यह बात देश की जनता भली भांति समझ गई है कि मौजूदा सरकार में आम आदमी के अधिकारों पर खुलेआम डाका डालकर, अमीर गरीब के बीच की खाई और गहरी की जा रही है। देश की सभी बड़ी-बड़ी कंपनियां और उद्योग धंधे कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सौंपे जा रहे हैं। जिसका नतीजा यह है की अमीर और अमीर हो रहा है। जबकि गरीब दिन प्रतिदिन गरीब होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की सत्ता पर बैठी सरकार गरीब कमजोर व्यक्ति की दुश्वारियों को दूर करने के बजाय वह इस तरफ देखना तक नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी तनुज पुनिया को चुनाव जिताकर लोकसभा पहुंचाइये। गठबंधन की सरकार बनते ही आप सब की समस्याओं का एक झटके में समाधान हो जाएगा। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही घोषणा पत्र में किए गए वादों से सभी देशवासियों की जीवन शैली में परिवर्तन होगा। घोषणा पत्र में देश के हर नागरिक हर धर्म संप्रदाय, नौजवान, किसान छात्र-छात्राएं और महिलाओं सभी के हक अधिकारों को सुरक्षित करने का न्याय पत्र है। सभा में मुख्य रूप से पूर्व चेयरमैन हफीज भारती और जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -PM modi ayodhya road show: लगातार आगे बढ़ रहा प्रधानमंत्री का काफिला, जमकर हो रही पुष्पवर्षा

संबंधित समाचार