बरेली: संक्रमण काल में उखड़ती सांसों ने जीत ली जिंदगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। सांस, मधुमेह, अस्थमा और अन्य रोगियों को कोरोना संक्रमण तेजी से चपेट में ले रहा है। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से चिकित्सक भी ऐसे मरीजों को लेकर फिक्रमंद हैं। संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात जरूरी है। जो लोग किन्हीं कारणों से संक्रमण की चपेट में आ गए हैं उनमें से अधिकतर …

बरेली,अमृत विचार। सांस, मधुमेह, अस्थमा और अन्य रोगियों को कोरोना संक्रमण तेजी से चपेट में ले रहा है। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से चिकित्सक भी ऐसे मरीजों को लेकर फिक्रमंद हैं। संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात जरूरी है। जो लोग किन्हीं कारणों से संक्रमण की चपेट में आ गए हैं उनमें से अधिकतर ने हार नहीं मानी और स्वस्थ होकर घर लौटे। अप्रैल से अब तक जिले में ऐसे 858 संक्रमित सामने आए हैं।

अस्थमा वाले मरीज भी परेशान
अस्थमा भी सांस से जुड़ी बीमारी है। इसके रोगियों के लिए कोरोना संक्रमण जोखिम भरा साबित हो सकता है। चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि अस्थमा श्वसन तंत्र से संबंधित बीमारी है। अस्थमा से पीड़ित व्यक्ति को संक्रमण होना गंभीर हो‌ सकता है।

इम्युनिटी को किया मजबूत
सितंबर में हुई जांच में कर्मचारी नगर निवासी चंद्रपाल मौर्य संक्रमित पाए गए थे। वे अस्थमा रोगी हैं। उनके अनुसार, अस्पताल पहुंचने के बाद थोड़ी फिक्र तो हुई लेकिन चिकित्सकों ने समझाया। डाइट चार्ट तैयार करके दिया। इसके बाद नियमानुसार दवा लेकर वे 11 दिन बाद स्वस्थ होकर घर लौट आए।

पहले जूझे फिर बंधी हिम्मत
अशरफ खां छावनी निवासी मनोज दो अक्टूबर को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनके अनुसार सांस पहले से फूलती है, डाक्टर को बताने पर उन्होंने कोविड एल-3 अस्पताल में रेफर कर भर्ती करा दिया। तीन दिन तक बेहद परेशान रहने के बाद चिकित्सक से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि ऐसे परेशान रहने से बीमारी और नुकसान कर सकती है। ऐसे में परिजनों व दोस्तों से बात करके समय व्यतीत करने लगा। इसके बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

“जिन्हें सांस से जुड़ी समस्या होती है, संक्रमण उनकी स्थिति को और भी खराब कर सकता है। इसलिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करें। अगर संक्रमण की चपेट में आ गए हैं तो बिना घबराएं चिकित्सक से परामर्श लें।” -डा. रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी

संबंधित समाचार