जौनपुर : महिला की गला रेत कर हत्या, तफ्तीश में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बलुआघाट मोहल्ले में सोमवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब सैलून में काम करने वाले इरफान की पत्नी की गला रेत कर हत्या करने का मामला सामने आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलुआ घाट निवासी मोहम्मद इसाक के पुत्र मोहम्मद इरफान की पत्नी शबीना 28 वर्ष अपने मकान में ही सुबह से थी जबकि उसके परिजन रन्नो में शादी में शामिल होने गए हुए थे। रन्नो में आज दावते वलीमा था, सोमवार की दोपहर में इरफान का भांजा इश्तियाक जब घर पर हेलमेट लेने पहुंचा तो देखा कि शबीना बेड के नीचे पड़ी हुई है और उसकी गर्दन धारदार हथियार से कटी हुई है, उसने मोहल्ले वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने  घटनास्थल से नमूने ले लिए हैं, मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है, जल्दी घटना का अनावरण किया जाएगा। शबीना की शादी हुए 10 वर्ष बीत चुका है और वह भदोही जिले की रहने वाली थी, फिलहाल लड़की के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वह भी जौनपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

संबंधित समाचार