अखिलेश यादव का बड़ा दावा-BSP समर्थक दे रहे इंडिया गठबंधन को वोट, चुनाव में नहीं मिलेगी एक भी सीट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती की आकाश आनंद पर की गई कार्रवाई के बाद विपक्षी दल लगातार हमलावर हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि बहुजन समाज पार्टी इस लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत रही है और उसके समर्थक इंडिया गठबंधन को वोट दे रहे हैं।    

अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर अखिलेश यादव ने लिखा-बसपा ने अपने संगठन में बड़े बदलाव का जो भी क़दम उठाया है वो उनकी पार्टी का आंतरिक विषय है। दरअसल इसके पीछे असली कारण ये है कि बसपा की एक भी सीट आती हुई नहीं दिख रही है क्योंकि बसपा के अधिकांश परंपरागत समर्थक भी इस बार संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को ही वोट दे रहे हैं। इस बात को बसपा अपने संगठन की विफलता के रूप में ले रही है। इसीलिए उनका शीर्ष नेतृत्व संगठन में इतना बड़ा फेर-बदल कर रहा है लेकिन अब बाज़ी बसपा के हाथ से निकल चुकी है। 

सच तो ये है कि जब बसपा का प्रभाव क्षेत्र होते हुए भी पिछले तीन चरणों में उनकी एक भी सीट नहीं आ रही है तो फिर बाकी के चार चरणों में तो कोई संभावना बचती ही नहीं है। ऐसे में हम सभी वोटरों से अपील करते हैं कि आप अपना वोट ख़राब न करें और जो बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जी के संविधान को बचाने के लिए सामने से लड़ रहे हैं, इंडिया गठबंधन के उन प्रत्याशियों को वोट देकर जिताएं और संविधान के संग, आरक्षण भी बचाएं। 

इसीलिए आग्रह है कि संविधान, आरक्षण और अपना मान-सम्मान बचाना है तो अपना वोट सपा को दें या जहाँ इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी हो वहाँ डालकर संविधान और आरक्षण विरोधी भाजपा को हराएं। 

ये भी पढ़ें -आकाश आनंद पर एक्शन को लेकर कांग्रेस और सपा ने साधा BSP पर निशाना, कहा-पर्दे के पीछे...

संबंधित समाचार