लखनऊ पुलिस के कई अभियानों को बदमाशों का 'नमस्ते'
लूट, छिनौती और टप्पेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए लखनऊ पुलिस ने शुरू की नमस्ते लखनऊ की पहल
लखनऊ पुलिस के तमाम अभियानों को अपराधी लगातार दे रहे चुनौती
विनय शुक्ला, लखनऊ। राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद तत्कालीन कमिश्नर सुजीत पांडे ने सड़कों पर सुबह और शाम टहलने वालों के लिए लोगों के लिए ‘नमस्ते लखनऊ’अभियान की शुरूआत की थी। जिसका मकसद पार्क में टहलने आए हर वर्ग व उम्र से जुड़े लोंगों के जेहन में विश्वास पैदा करने के साथ ही लूट, छिनौती और टप्पेबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ तमाम निष्क्रिय अभियानों को भी क्रियाशील किया गया था। बावजूद इसके शातिर अपराधी ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के नमस्ते लखनऊ अभियान को नमस्ते कह रहे हैं। यह बात हम नहीं बल्कि घटनाए और आंकड़े महज बानगी मात्र हैं।
पहली घटना :- ई-रिक्शा सवार महिला से छीना बैग
आलगबाग कोतवाली अंतर्गत दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास बीनू पांडे ई-रिक्शा से घर जा रही थी। इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे उनका बैग छीनकर भाग निकले। महिला के बैग में सोने की चेन सहित 76 हजार रुपए नगद थे। हालांकि, तहरीर के आधार पर पुलिस सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना:- महिला के कान पर झपट्टा मार छीनी बालियां
बीते 26 अप्रैल को सआदतगंज कोतवाली अंतर्गत टिकैतरॉय तालाब एलडीए कॉलोनी निवासी सीमा मौर्या रात करीब 10.30 बजे खाना-खाने के बाद घर के बाहर टहल रहीं थी। तभी अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे से आए स्कूटी सवार लुटेरों ने उसके कान पर झपट्टा मारकर बालियां छीन कर फरार हो गए थे। बदमाश के झपट्टा मारने के कारण उनका कान लहूलुहान हो गया।
तीसरी घटना :- महिला की बाली छीन कर लुटेरे फरार
बीते 27 अप्रैल को तालकटोरा थाना अंतर्गत राजाजीपुरम सेक्टर-12 निवासी तारवंती खाने के बाद घर के बाहर टहल रही थीं। इस बीच पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारा उनकी कान की बालियां नोच कर भाग निकले। झपट्टा मारने से महिला का कान से पत्नी के कान लहूलुहान हो गया।
यह हुई घटनाएं
वर्ष माह थाना घटना
2022 अक्टूबर हुसैनगंज महिला से टप्पेबाजी
2023 जून आशियाना वृद्धा से चेन स्नैचिंग
2024 जनवरी गोमतीनगर विस्तार स्कूटी सवार मां-बेटी का छीना पर्स
2024 जनवरी गोमतीनगर विस्तार कपड़ा व्यापारी की पत्नी से टप्पेबाजी
2024 जून इंदिरानगर महिला को धक्का देकर छीनी चेन
2024 मार्च चिनहट महिला से छीना पर्स
चेन स्नैचिंग की घटनाएं
वर्ष घटनाएं
2018-19 66
2019-20 41
2020-21 30
2022-23 20
स्नैचर्स वैरीफिकेशन स्कीम शुरू
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में राजधानी में स्नैचर्स वैरीफिकेशन स्कीम शुरू की गई थी। स्कीम के तहत पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर करीब 450 स्नैचर्स को जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद स्नैचर्स की गतिविधियों पर लगातार नजर भी रख रही थी, लेकिन समय के साथ-साथ यह स्कीम भी ठंडे बस्ते में चली गई। जिसके बाद स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कई योजनाओं को पुर्नजीवित किया। जिन्हें कुछ दिनों तक बाखूबी से चलाया गया। लेकिन, अधिकारियों के बदलते ही व्यवस्थाएं कागजों में सिमटती चली गई।
वर्ष 2020 में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होते ही सुबह और शाम सड़कों और पार्क में टहलने वाले लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए 'नमस्ते लखनऊ' स्कीम चलाई थी। इसमें पुलिस पार्कों में जाकर मार्निंग वॉकर्स से मिलती थी और रजिस्टर में उनका नाम व पता दर्ज करती थी, लेकिन अब यह सिर्फ कागजों पर है।
2018 में झांसी में सवेरा योजना को हुआ सफल परीक्षण
भारतीय पुलिस सेवा (IPS)में महानिरीक्षक पद से सेवानिवृत अधिकारी राजेश पांडे के मुताबिक, वर्ष 2018 में झांसी में पहली बार सेवरा योजना का सफल परीक्षण किया गया था। इसके बाद आलाधिकारियों के सुझाव को पुलिस मुख्यालय तक भेजा गया था। उसके बाद वर्ष 2019 में इस परीक्षण को सवेरा याजना का नाम देकर प्रदेश भर में लागू किया गया था। बताया कि पुलिस विभाग के अधिकारियों की व्यक्तिगत सूची और व्यक्तिगत प्रयास से तमाम योजनाएं क्रियाशील रहती है। उनका मानना है कि सवेरा योजना को पुर्नजीवित करने की आवश्कता है।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सवेरा योजना का मकसद
सेवानिवृत अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि पुलिस और जनता के बीच तालमेल हो सके। उम्रदराज लोगों के साथ नियमित मेल-मिलाप हो। बुजुर्गों की व्यक्तिगत और सामूहिक परेशानियों को शुरूआती दौर में ही हल किया जा सके। रजिस्टर्ड बेसहारा बुजुर्गों को की सुरक्षा और उनकी फौरन मदद करना। अपने या पड़ोसियों से प्रताड़ित बुजुर्गों की सेवा करना और वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा का भाव हमेशा बनाए रखा सवेरा योजना का उद्देश्य है।
सवेरा योजना का नहीं दिख रहा असर
वर्ष माह थाना वारदात
2024 अक्टूबर अलीगंज शैल कुमारी (80) की गला रेत का हत्या
2024 मार्च गाजीपुर प्रेम नारायण अग्रवाल (92) की हत्या
2024 अप्रैल ठाकुरगंज अब्दुल खालिक उर्फ कल्लू (62) की मौत
2024 अप्रैल पारा मीना सिंह (66) की हत्या
2024 मई मलिहाबाद शिव प्यारी (65) की हत्या
