लखनऊ : रेलवे से रिटायर्ड दरोगा समेत तीन लोगों ने की खुदकुशी
अमृत विचार, लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में रेलवे से सेवानिवृत्त दरोगा और पति से अलग किराये के कमरे में रहने वाली महिला का शव फंदे से लटका मिला। परिजन ने आत्महत्या की वजह पता होने से मना किया है। पुलिस ने पंचनामा भर शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
पारा थाना क्षेत्र के डॉक्टर खेड़ा चौकी के अंतर्गत लकी मेडिकल स्टोर के पास न्यू कॉलोनी स्थित मकान में रेलवे के सेवानिवृत्त दरोगा चंद्रप्रकाश दीक्षित (61) रहते थे। शुक्रवार रात कमरे छत में पंखे के हुक में चादर से फंदा लगाकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक परिजन आत्महत्या का कारण पता होने से मना कर रहे हैं।
उधर, इसी थाना क्षेत्र के भपटामऊ के किराये के मकान में रहने वाली प्रीति उर्फ पूजा (25) का शव कमरे में दुपट्टा से फंदे पर लटका मिला। मोहान रोड चौकी प्रभारी सतीश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि महिला पति से अलग रह रही थी। वह मूलरूप से हरदोई जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया परिजन को सूचना दी है। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान
काकोरी थाना अंतर्गत दोना गांव निवासी मामा बाबू लाल के यहां रह रहे राजू गौतम (32) का शव शुक्रवार रात घर में फंदे से लटका मिला। मां प्रभुदेई ने पुलिस को दिये प्रार्थना-पत्र में बताया राजू की शादी तीन वर्ष पहले लालता खेड़ा निवासी नीलू से हुई थी। पत्नी से वह परेशान रहता था। 25 अप्रैल को नीलू भाई के साथ मायके चली गई थी।
शुक्रवार को पत्नी के फूफा एक अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें देखने राजू गया था, जहां पहले से मौजूद पत्नी से विवाद हुआ था। प्रभुदेई का आरोप है कि राजू के साथ अस्पताल में मारपीट की गई थी। इससे वह काफी आहत था, जिसके चलते मामा के घर पहुंचकर उसने जान दे दी। काकोरी इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
