Unnao News: नाला न बनने से 50 लाख से बनी सड़क जलमग्न, लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी, जिम्मेदार बेखबर
उन्नाव के त्रिभुवन खेड़ा में 500 मीटर हाल ही में बनाई गई सीसी सड़क
उन्नाव, अमृत विचार। त्रिभुवन खेड़ा मार्ग पिछले कई सालों से क्षतिग्रस्त पड़ा था। जिस कारण आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। पीडब्ल्यूडी द्वारा क्षतिग्रस्त सड़क पर लाखों की लागत से सीसी सड़क बनाई थी, लेकिन दोनों ओर नाला नहीं बनवाया था। जिस कारण बीच सड़क पर जलभराव बना हुआ है। जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बता दें कि हाइवे से त्रिभुवन खेड़ा का मार्ग खस्ताहाल होने के कारण पीडब्ल्यूडी ने लगभग पचास लाख की लागत से पांच सौ मीटर ही टूटी सड़क बनवाने का काम कराया था, कार्य के दौरान ग्रामीणों ने दोनों ओर नाला निर्माण कराने की मांग की थी, इसके बावजूद ठेकेदार ने नाला नहीं बनाया। अब सीसी सड़क बन गई है। इसके बावजूद सड़क पर जलभराव बना रहता है। जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं आस पास रहने वाले लोगों को भी सड़क पार करने के लिये गंदे पानी से होकर आना जाना पड़ रहा है। मार्ग के दोनों ओर दुकानें हैं। दुकानदारों ने बताया कि पानी भरा होने के कारण ग्राहक भी दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जिससे हम लोगों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने मनमाने ढंग से कार्य कराया है। सड़क बनने के बाद भी हम लोगों को जलभराव का दंश झेलना पड़ रहा है।
बोले जिम्मेदार…
सीसी सड़क के साथ दोनों ओर नाला भी बनाया जाना है, नाला स्टीमेट के अंतर्गत है। मजदूर की कमी होने के कारण नाला नहीं बन सका है। चुनाव के बाद नाला बनवाया जायेगा। जिससे जल निकासी हो सकेगी।- अभिनेष कुमार, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024: उन्नाव में थम गया प्रचार-प्रसार...अब मतदान की तैयारी
